प्रदेश भर में कांग्रेस नेता का पुतला दहन

राजनीति Dec 27, 2017

कांग्रेस नेता की अशोभनीय टिप्पणी से कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता उजागर
 

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश कोषाध्यक्ष एवं सागर (सुरखी) विधायक पारूल साहू के विरूद्ध कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविन्द राजपूत द्वारा अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के विरोध में आज महिला मोर्चा द्वारा जिला केंद्रों पर गोविंद राजपूत का पुतला दहन कर कांग्रेस से मांग की गई कि वह महिला विरोधी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक तौर पर माफी मांगे। राजधानी के बोर्ड आॅफिस चौराहे पर बड़ी संख्या में मोर्चा की बहनों ने विरोध प्रदर्शन कर कांग्रेस नेता राजपूत का पुतला दहन किया।
 

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पार्टी की प्रदेश मंत्री एवं मोर्चा की प्रदेश प्रभारी कृष्णा गौर ने कहा कि जिस देश में नारियों का आदर किया जाता हैं, देवताओं की तरह पूजा जाता हैं, उस देश में कांग्रेस नेता नारी का मान मर्दन करने का काम कर रहे हैं। एक ओर जहां मध्यप्रदेश की धरती पर महिलाओं एवं बेटियों के प्रति संवेदनशील सरकार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में महिलाओं के मान, सम्मान और स्वाभिमान का आगे बढ़ाने का काम कर रही हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के नेता महिलाओं का अपमान कर उन्हें नीचा दिखाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता के बीच से चुनी हुई बहन विधायक पारूल साहू के प्रति कांग्रेस के पूर्व विधायक गोविंद राजपूत अशोभनीय और अमर्यादित टिप्पणी करते हैं, जिसकी जितनी निंदा की जाये कम हैं। राजपूत कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी हैं और उनकी दूषित मानसिकता ने कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता को उजागर किया हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की संस्कृति हमेशा महिलाओं का अपमान करने की रही हैं, जिसका प्रत्यक्ष उदाहरण सरला मिश्रा हत्याकांड और नैना साहनी हत्याकांड हैं जिसे देश की जनता भूल नहीं सकती।
 

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष लता ऐलकर ने कहा कि कांग्रेस नेता गोविंद राजपूत की टिप्पणी लज्जाजनक हैं। कांग्रेस की महिला विरोधी मानसिकता आज उजागर हुई हैं। कांग्रेस नेता लगातार महिलाओं का अपमान कर रहे हैं, लेकिन कांग्रेस नेतृत्व इस पर मौन हैं। उन्होंने राहुल गांधी से प्रश्न पूछा की गोविंद राजपूत द्वारा विधायक पारूल साहू पर की गई अशोभनीय टिप्पणी पर उनका मौन क्यों हैं ? उन्होंने मांग की हैं कि कांग्रेस पार्टी गोविंद राजपूत पर कार्यवाही कर, सार्वजनिक तौर पर विधायक पारूल साहू से माफी मांगे, अन्यथा महिला मोर्चा उनका विरोध जारी रखेगा। ऐलकर ने बताया कि प्रदेश के जिला केंद्रों पर धरना देकर कांग्रेस नेता राजपूत का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन को मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष वरिष्ठ नेत्री ऊषा चतुर्वेदी ने भी संबोधित किया।
 

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष व विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह, प्रदेश कार्यालय मंत्री सत्येन्द्र भूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, संजय वर्मा, सरिता देशपाण्डे,  माया नारोलिया, तुलसा वर्मा, आशा सेंगर, भावना सिंह, रीता मिश्रा ने भी कांग्रेस के नेता की अमर्यादित टिप्पणी कर क्षोभ व्यक्त किया। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment