मुंगावली उपचुनाव नया इतिहास लिखेगा: मुख्यमंत्री चौहान

राजनीति Feb 01, 2018

राजनीति को नई दिशा देगा
 

कमल खिलाना हैं, बाईसाहब को जिताना हैं
 

अशोकनगर (मुंगावली)। कार्यकर्ता सम्मेलन में मैं भाषण देने नहीं, केवल आपसे बातें करने आया हॅू। अभी बाईसाहब जब अपनी बात कह रहीं थीं तो उनकी आंखों में आंसू थे। जब बाईसाहब यहां से विधायक बनेंगी तो मुंगावली का निश्चित रूप से विकास होगा और मुंगावली में विकास का एक नया इतिहास लिखा जाएगा। यह बात प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुंगावली स्थित स्टेडियम में बृहत कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
 

उन्होंने कहा कि यह उपचुनाव एक नया इतिहास रचेगा और राजनीति को नई दिशा देगा। यह 6 महीने का चुनाव हैं और हम विश्वास दिलाते हैं कि हम मुंगावली में विकास की नई गंगा बहाएंगे। जो यहां के क्षेत्रीय सांसद हैं उनकी विकास में कोई रुचि नहीं हैं। महाराज की जय हो, महाराज की जय हो, यही नारे लगवाते रहते हैं। अगर विकास होगा, जनता पढ़-लिख जाएगी तो उनके नारे कौन लगाएगा। उन्होंने कहा कि हम सत्ता प्राप्त करके सत्ता का उपयोग सेवा के रूप में करते हैं। हमारा विचार हैं कि मध्यप्रदेश की जनता की तस्वीर और तकदीर बदले और बाईसाहब निश्चित रूप से मुंगावली की तस्वीर और तकदीर बदलेंगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से संकेत देते हुए कहा कि यह चुनाव मात्र 6 माह का हैं। हम साढ़े चार साल की कमी इन 6 माह में पूरी कर देंगे। बाईसाहब के केवल तीन बेटे नहीं बल्कि हर कार्यकर्ता उनका बेटा हैं। वह सबके साथ समान व्यवहार करती हैं। उन्होंने कहा कि विधायक बनने पर मुंगावली की चिंता करने के लिए एक मंत्री को विशेष रूप से मुंगावली क्षेत्र के लिए तैनात करूंगा। एक अफसर मुख्यमंत्री के निवास पर मुंगावली के कार्यकर्ताओं के मान-सम्मान की चिंता करेगा। बाईसाहब अकेली नहीं बल्कि पूरी टीम उनके साथ खड़ी हैं। मैं इस बात का आप सभी को विश्वास दिलाता हूं कि बाईसाहब के साथ शिवराज सिंह भी मुंगावली के विधायक के रूप में कार्य करेगा।
 

उन्होने कहा कार्यकर्ताओं के दमकते हुए चेहरे यह कह रहे हैं कि मुंगावली उपचुनाव में जीत हमारी ही होगी। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस के नेताओं का कोई भी ऐसा परिवार नहीं होगा जो शिवराज सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं उठा रहा होगा। उन्होंने मध्यप्रदेश सरकार की जनहितैषी योजनाओं को भी कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा। उन्होंने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि संगठन की आप ही जान हैं, आप ही प्राण हैं। मतदान के तेईस दिन बचे हैं, मैं आपसे बाकी बचे तेईस दिन मांग रहा हूं। घर-घर जाओ, दरवाजा खटखटाओ। जन-जन को समझाओ, बूथ पर कमल खिलाओ और बाईसाहब को विधायक बनाओ। यह संदेश आपके माध्यम से हर मतदान केन्द तक पहुंच जाए। जब तक मतदान के दिन एक-एक वोट मशीन में दर्ज न हो जाए, आपको चैन नहीं लेना हैं। कार्यकर्ता की ताकत बहुत बड़ी होती हैं, हर कार्य आप कर सकते हो। यह राम का कार्य हैं, जनता हमारी भगवान हैं। अपना मतदान केन्द्र जीतो, यही बात शिवराज सिंह आपको बताने आया हैं। उन्होंने कहा कि आप मुंगावली उपचुनाव में जिताने का रिकार्ड बनाओ, शिवराज सिंह आपको विश्वास दिलाता हैं कि मुंगावली में प्रदेश की शिवराज सरकार विकास के सारे रिकार्ड तोड़ देगी।
 

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मुंगावली की मिट्टी की सुगंध पहचानकर भाजपा नेतृत्व ने जो टिकिट दिया हैं वह जन-जन का निर्णय हैं। हमें विश्वास हैं कि बाईसाहब भारी बहुमत से जीतेंगी और क्षेत्र में कमल का फूल खिलेगा। हमारा संगठन कार्यकर्ताओं का संगठन हैं। मुंगावली में जगह-जगह दीवारों पर लिखा हैं, अबकी बार दो सौ पार, भाजपा सरकार। इसकी शुरुआत मुंगावली से ही होगी।
 

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमार सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस के पाप का घड़ा भर चुका हैं। मुंगावली क्षेत्र के बड़े सात्विक कांग्रेस नेता डॉ. केपी यादव आज भाजपा परिवार में शामिल हुए हैं और उनके सहयोग से हमारे कार्यकर्ता मुंगावली क्षेत्र में कांग्रेसी लंका का दहन करेंगे। यह आमसभा नहीं भाजपा परिवार की बैठक हैं। हम एक विचारधारा से प्रभावित हैं। मुंगावली की धरती पर हम आपके सहयोग से चमत्कार दिखाएंगे। स्व. देशराज सिंह यादव ने पार्टी के लिए अपना पूरा जीवन दिया। उनके जाने के बाद हमारे संगठन ने निश्चय किया कि मुंगावली की एक ही आवाज, यहां पर कमल खिलाना हैं, बाईसाहब को जिताना हैं। मुंगावली का जो विकास थमा हैं, बचे 6 माह में मुंगावली का विकास दौड़ पड़े, उसके लिए बाईसाहब को जिताना हैं। बाईसाहब की प्रतिष्ठा आप सबकी प्रतिष्ठा हैं। हम सबके स्वाभिमान की लड़ाई हैं। 2022 तक प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूरे देश में कोई गरीब बगैर पक्की छत के नहीं रहेगा। मुंगावली क्षेत्र में हम 7000 मकान दे चुके हैं। इसलिए घर-घर जाएं, सांकल खटखटाएं और जन-जन से भाजपा के पक्ष में मतदान कराएं।
 

सम्मेलन को संबोधित करते समय मुंगावली विधानसभा उपचुनाव की प्रत्याशी बाईसाहब यादव की आंखें छलछलाईं और गला भर आया। उन्होंने कहा कि आपका मतरूपी आशीर्वाद चाहिए। जिस तरह मेरे पति ने क्षेत्र की सेवा की, उसी तरह मैं आपको विश्वास दिलाती हूं कि हर सुख-दुख की घड़ी में आपके साथ खड़ी रहूंगी।
मुख्यमंत्री के समक्ष भाजपा परिवार में शामिल हुए डॉ. केपी यादव ने सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि मैं जिंदगी की आखिरी सांसों तक आपकी सेवा करूंगा। मैंने आज अपना चोला उतार दिया और भाजपा रूपी चोला पहन लिया। मुझे मुंगावली क्षेत्र में काम करना हैं लेकिन कुछ लोग काम करने वालों को पसंद नहीं करते। उन्हे पुतले चाहिए, बुत चाहिए और यह पुतले और बुत उनकी जय-जयकार करते रहें। मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार्यशैली से प्रभावित होकर भाजपा परिवार में शामिल हुआ और मैं अपना पूरा जीवन भाजपा पार्टी के लिए समर्पित करता हूं।

 

भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद भदौरिया ने बूथ कमेटियों के 5656 सदस्यों वाली पुस्तिका प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी। उन्होंने बताया पेज प्रमुखों के दो बार प्रशिक्षण हो चुके हैं। पेज प्रमुखों ने पेज का सत्यापन कर लिया हैं। इस उपचुनाव में हमारी विजय इन पेज प्रमुखों के कारण ही सुनिश्चित हैं।
 

इस अवसर पर मंच पर प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया, वरिष्ठ मंत्री भूपेन्द्र सिंह, गौरीशंकर बिसेन,रामपाल सिंह, जीतू जिराती, लोकेन्द्र पाराशर, शिवराज डाबी, उदय अग्रवाल, प्रत्याशी बाईसाहब यादव, जिलाध्यक्ष जयकुमार सिंघई, राधेश्याम पारीख, हिदायत उल्ला शेख, सचिन चौधरी, डॉ. जयमंडल यादव, गोपाल कोली, जालिम सिंह पटेल, प्रदीप लारिया, शैलेन्द्र जैन, सुरेश आर्य, गोपीलाल जाटव, भुजबल सिंह अहिरवार, विष्णु खत्री, श्यामसुंदर यादव, पूरन सिंह बुंदेला, महेन्द्र यादव, संजय शर्मा, सुशीला साहू, नीरज मानोरिया, महेश राय, कोकसिंह नरवरिया,प्रीतम सिंह लोधी, जगन्नाथ सिंह यादव, जगन्नाथ सिंह रघुवंशी, तोरण सिंह दांगी, सत्येन्द्र जैन, हरपाल सिंह,चंद्रभान सिंह, नीटू सिंह सिकरवार, अमान सिंह, प्रतापभानु, सोनेबाई अहिरबार, प्रभु राठौर, डॉ. तेज सिंह, भानु रघुवंशी, देवेन्द्र ताम्रकार, सीताराम बाथम सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। (खबरनेशन)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment