मुरैना को सुन्दर एवं व्यवस्थित शहर बनाएंगे- मुख्यमंत्री चौहान

मुख्यमंत्री ने हॉस्पीटल एवं नाले का किया भूमि-पूजन 
 

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा हैं कि मुरैना को कस्बा नहीं रहने दिया जाएगा, मुरैना को एक सुन्दर और सुव्यवस्थित शहर बनाया जाएगा। इसके लिए वित्तीय व्यवधान आड़े नहीं आएगा।
 

मुख्यमंत्री चौहान सोमवार को जिला चिकित्सालय परिसर में 72 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाले 300 बिस्तरीय हॉस्पिटल और 21 करोड़ 12 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नम्बर एक नाले के भूमि पूजन के पश्चात आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने जिला चिकित्सालय में 80 लाख रुपये की लागत की सीटी स्केन मशीन का शुभारंभ भी किया।
 

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि मुरैना के अधोसंरचना विकास के कार्यो को पूर्ण कराने में कहीं कोई दिक्कत नही आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि चाहे चंबल से पानी लाने का काम हो या सीवेज सिस्टम, सभी कार्य पूर्ण कराये जाएंगे। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री रूस्तम सिंह ने बताया कि मुरैना जिला अस्पताल की वर्तमान क्षमता 300 बिस्तर हैं। इसका उन्नयन करके अब जिला अस्पताल 600 बिस्तर वाला हो जाएगा। शासन द्वारा 47.82 करोड़ रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति जारी कर दी हैं। मंत्री सिंह ने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति अस्पताल में मात्र 930 रुपये में सीटी स्केन मशीन से जाँच करा सकेगा। उन्होंने कहा कि वीपीएल राशन कार्डधारी के लिये सीटी स्केन की सुविधा नि:शुल्क रहेगी।
 

इस मौके पर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह, नगर के महापौर अशोक अर्गल सहित अन्य जन प्रतिनिधि उपस्थित थे।

(खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment