बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर के लक्ष्य को पूरा करने में प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका

राजनीति Mar 03, 2023

खबर नेशन / Khabar Nation  
पार्टी नेताओं ने प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक में आगामी कार्ययोजना पर की चर्चा
भोपाल: भारतीय जनता पार्टी के विचार, नीतियों और हमारी सरकारों के द्वारा किये जा रहे जनकल्याण के कामों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का सबसे प्रभावशाली माध्यम हमारे विभिन्न प्रकोष्ठ है। प्रकोष्ठ योजना बना कर हर बूथ पर 51 प्रतिषत वोट शेयर के लक्ष्य को पूरा करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभायें। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी, प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानन्द जी ने शनिवार को सभी प्रकोष्ठों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक का संचालन पार्टी के प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने किया।
प्रकोष्ठ का जितना प्रभावी काम होगा, पार्टी उतनी मजबूत होगी : शिवप्रकाश
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश जी ने कहा कि आज भारत के सबसे बडे हिस्से पर भारतीय जनता पार्टी की सरकारें है। सरकार समाज के हर वर्ग तक पहुंची है, तो इसमें पार्टी के साथ ही मोर्चा, प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका है। पार्टी की नींव को मजबूत करने का काम प्रकोष्ठों का है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अलग अलग समूहों और सोसायटी को जोडने का जिम्मा प्रकोष्ठ को दिया है। प्रकोष्ठों का कार्यक्षेत्र बडा है। प्रकोष्ठ में जितना प्रभावी काम होगा पार्टी उतनी ही मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ जिस वर्ग के लिए काम करता है, उसके पदाधिकारी उस वर्ग से संबंधित कार्यक्षेत्र, उसकी समस्याएं और उसके निराकरण की दिशा में हमारी क्या भूमिका हो सकती है इसका अध्ययन करें। उन्होंने कहा कि मोदी जी की योजना, शिवराज जी के काम और भाजपा की नीतियां लेकर समाज के बीच जाएं, हमें अपार जनसमर्थन मिलेगा। उन्होंने एक विस्तृत कार्ययोजना बनाकर काम करने की बात कही। शिवप्रकाश जी ने कहा कि गांधी जी के ग्रामोदय, जैविक खेती, खादी और स्वच्छता के विचारों को भारतीय जनता पार्टी की सरकार पूरा कर रही है। आमजन को यह बात समझाने का काम हमें करना है और उन्हें बताना है कि किस तरह समाज में कुछ लोगों द्वारा भाजपा को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया में मोदी जी के नाम का डंका बज रहा है। भारतीय जनता पार्टी के लिए देश और प्रदेश में अनुकूल माहौल है। हमें विधानसभा चुनाव के सेमीफाइनल को जीतना है और 2024 में मोदी जी के नेतृत्व में प्रचंड जीत हासिल करनी है।
मध्यप्रदे रोल मॉडल, कार्यकर्ताओं की मेहनत से 200 पार होगी सीटें : राव
पार्टी के प्रदेश प्रभारी मुरलीधर राव ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पार्टी संगठन के कार्यो और विचारों को आमजन तक पहुंचाने में देश के सभी राज्यों में एक अलग स्थान रखता है। कार्यकर्ताओं की गुणवत्ता, उनकी कार्यकुशलता और सांगठनिक क्षमता में भी मध्यप्रदेश रोल मॉडल प्रदेश है। देश के अन्य प्रांतों में हमारे विचार की सरकार बने इसके लिए मध्यप्रदेश में सफलता जरूरी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से हमें आने वाले 25 वर्षों तक सरकार में रहकर अपने विचार को बढाने का काम करना है। कार्य विस्तार के आधार और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर 200 सीटें पार होगी। उन्होंने कहा कि पार्टी ने 51 प्रतिशत का जो लक्ष्य तय किया है उसमें हमारी क्या भूमिका होगी ? इस दिशा में भी प्रकोष्ठ कार्ययोजना बनाकर काम करें। उन्होंने कहा कि प्रकोष्ठ नए वोटर्स को जोडने के अभियान में जुटे। साथ ही आने वाले दिनों में बूथ सशक्तिकरण का अभियान चलेगा, इसमें भी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भागीदारी हो। उन्होंने कहा कि पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक हमारी सरकार रहेगी तो आजादी के अमृतकाल में भारत विश्व गुरू बनने की ओर अग्रसर होगा।
समाज के सभी वर्गों और क्षेत्रों में भाजपा को पहुंचाने में प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका : शर्मा
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अलग अलग क्षेत्रों और वर्गों में पार्टी की विचारधारा पहुंचे इसके लिए हमारे यहां प्रकोष्ठों की संरचना है। सभी प्रकोष्ठों की बैठक में आज सामूहिक शक्ति का प्रकटीकरण दिखायी दे रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का सबका साथ, सबका विकास, सबका विकास और सबका प्रयास का मंत्र समाज में सामूहिक प्रयास से ही संभव है। मोदी जी के इस मंत्र को प्रकोष्ठ पूरा कर रहे है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को सर्वस्पर्शी और सर्वव्यापी बनाने में प्रकोष्ठों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अलग अलग क्षेत्रों में काम करने वाले प्रकोष्ठ बड़ी ताकत है। आगामी 2023 के विधानसभा चुनाव और 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता लक्ष्य बनाकर काम करेंगे तो भारतीय जनता पार्टी इतिहास रचेगी। श्री शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के लोग झूठ, छल, कपट के षडयंत्र रचेंगे लेकिन उन सबका जवाब हमारे संगठन की शक्ति है। कार्यकर्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी के पास बडी ताकत है। इस ताकत के आधार पर ही आज भारतीय जनता पार्टी मजबूती के साथ देश के कई राज्यों में खडी है।
कमजोर बूथों को मजबूत करने की जिम्मेदारी लें प्रकोष्ठ : हितानंद
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कहा कि प्रकोष्ठ भारतीय जनता पार्टी के महत्वपूर्ण अंग है। कार्य क्षेत्र के अनुसार सभी प्रकोष्ठ अपने कार्य का विभाजन करें। साथ ही प्रकोष्ठ अपनी विधाओं के अनुसार प्रबुद्धजनों और समाज की प्रतिभाओं का चयन कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोडने का अभियान शुरू करे। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में 18 हजार बूथ ऐसे है जहां हम कमजोर है, उन बूथों को चिन्हित कर प्रकोष्ठ उसे मजबूत करने की जिम्मेदारी ले। भारतीय जनता पार्टी वहां बडे अंतर से जीते, इसकी कार्ययोजना बनाएं। उन्होंने कहा कि 14 मार्च से बूथ सशक्तिकरण अभियान चलेगा। बूथ कमेटी, पन्ना प्रमुख बनें। मन की बात कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार हो। बूथ के करणीय कार्य तय समय सीमा में पूरी हो। इस दिशा में भी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में प्रधानमंत्री जी के रेडिया कार्यक्रम मन की बात का 100 वा संस्मरण प्रसारित होगा। प्रत्येक मतदान केन्द्र पर समाज के प्रबुद्धजन, हितग्राही इसमें सम्मिलित हो, इस दिशा में भी प्रकोष्ठ कार्ययोजना बनाएं।  
बैठक का आभार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक अनुराग प्यासी ने माना। इस अवसर पर प्रकोष्ठों के प्रदेश प्रभारी, प्रदेश संयोजक, प्रदेश पदाधिकारी और जिला संयोजक उपस्थित थे।


लिखें और कमाएं       
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment