जिला पंचायत और जनपद चुनाव में भाजपा ने शानदार सफलता हासिल की

राजनीति Jul 29, 2022

खबर नेशन / Khabar Nation

जिला पंचायत चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक विजय पर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की उपस्थिति में प्रदेश कार्यालय में मना उत्सव’

भोपाल: जिला पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली ऐतिहासिक विजय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं, सुशासन की नीति और विकास के एजेंडे की जीत है। यह जीत भाजपा संगठन और कार्यकर्ताओं के परिश्रम की जीत है। इस महाविजय को हम विनम्रता के साथ स्वीकार करते है और विश्वास दिलाते है कि भाजपा की सरकार विकास के कामों में कोई कोर कसर नहीं छोडेगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शुक्रवार को जिला पंचायत चुनाव में 41 जिलों में मिली ऐतिहासिक जीत के उपलक्ष्य में प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित उत्सव के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने भोपाल की नवनिर्वाचित अध्यक्ष रामकंवर नोरंग सिंह गुर्जर का स्वागत किया।

जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव में 41 जिलों में भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष चुने गए। ग्रामीण निकाय में मिली ऐतिहासिक विजय पर प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं ने ढोल ढमाकों के साथ आतिशबाजी कर उत्सव मनाया। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश कार्यालय स्थित महापुरूषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। नेताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जिला पंचायत चुनाव में जीत की बधाई दी। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए ग्रामीण मतदाताओं का आभार व्यक्त किया।

जीत के रूप में ग्रामीण जनता का अभूतपूर्व प्यार मिला

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन ऐतिहासिक है, त्रिस्तरीय पंचायत के चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को ऐसी सफलता कभी नहीं मिली। इस ऐतिहासिक जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, उनकी टीम, मंत्रिमंडल के साथी, विधायक, सांसद, पदाधिकारियों को हृदय से बधाई देता हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण निकाय में भाजपा की जीत इतनी जबरजस्त है कि कांग्रेस पर खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे की कहावत चरितार्थ हो रही है। हार से कांग्रेस के नेता इतने बौखला गए थे कि मतदाता स्वतंत्र रूप से वोट करने जा रहा थे तो उन्हें कांग्रेसी रोक रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कलेक्ट्रेट के दरवाजे तोड रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हार जीत होती है। जब कांग्रेस चुनाव में हार गयी है तो दिग्विजय सिंह को शालीनता के साथ स्वीकार करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिला पंचायत और जनपद चुनाव में हमने शानदार सफलता प्राप्त की। 41 जिला पंचायतों, 227 जनपद पंचायत और 20641 पंचायतों में भारतीय जनता पार्टी विजयी हुई है। इन चुनावों में हमें ग्रामीण जनता का अभूतपूर्व प्यार मिला है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार सभी के साथ मिलकर विकास के कामों में कोई कोर कसर नहीं छोडेगी।

झूठ बोलने वालों को जनता ने जवाब दिया: शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 41 जिला पंचायत में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। यह जीत हमारे जमीनी स्तर पर काम करने वाले बूथ कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में गरीब कल्याण की योजनाएं चल रही है उन योजनाओं की सफलता इस जीत में शामिल है। हमारे नेतृत्व के प्रति जनता का विश्वास इन चुनावों में देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने लगातार झूठ बोलने का काम किया। इन चुनावों में ग्रामीण मतदाताओं को झूठ बोलने वालों को जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह हार से इतने बौखलाए कि गुंडागर्दी पर उतर आए। लेकिन उनकी गुंडागर्दी मध्यप्रदेश के विकास की रफ्तार को रोक नहीं सकती। श्री शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में हम मध्यप्रदेश को स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने का काम करेंगे।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह, विश्वास सारंग, प्रभुराम चौधरी, प्रदेश महामंत्री कविता पाटीदार, विधायक रामपाल सिंह, रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, प्रदेश मंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री डॉ. राघवेन्द्र शर्मा, प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, शैतानसिंह पाल, जिला अध्यक्ष सुमित पचौरी, किशन सुर्यवंशी, जगदीश यादव, अजय पाटीदार, अशोक सैनी, राजेन्द्र गुप्ता, बृजुला सचान सहित जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

 

लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999

 

 

 

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment