सभी जिला उपभोक्ता फोरम में अध्यक्षों की नियुक्ति शीघ्र
नियम बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में
भोपाल। राज्य के सभी जिला उपभोक्ता फोरम में अध्यक्षों के रिक्त पदों पर नियुक्तियाँ शीघ्र होंगी। शासन द्वारा भर्ती नियम बनाने की प्रक्रिया अंतिम चरण में हैं। नियमों की अधिसूचना जारी करने के तुरंत बाद अध्यक्षों के पदों पर भर्ती की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। प्रमुख सचिव खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण द्वारा यह जानकारी दी गई।
उपभोक्ता संरक्षण विभाग द्वारा दी गई जानकारी में बताया गया कि उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम के तहत प्रदेश में गठित जिला उपभोक्ता फोरमों में वर्तमान में अध्यक्ष के पद पर न्यायिक अधिकारी कार्यरत नहीं हैं। वर्तमान में 20 फोरम में 2 सदस्यों द्वारा प्रकरणों की सुनवाई की जा रही हैं और 18 अन्य जिला फोरम में एकल सदस्य प्रकरणों की सुनवाई कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त कुछ ऐसे जिला फोरम जिनमें सदस्यों के पद रिक्त हैं, वहाँ पर उपभोक्ताओं की सुविधा के लिये अन्य जिला फोरम के सदस्यों को सुनवाई करने के लिये निर्देशित किया गया हैं।
(खबरनेशन / Khabarnation)