त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा को मिली सफलता जनता की जीतः राजकुमार चाहर
किसान मोर्चा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा.अंत्योदय के लक्ष्य की ओर सफलतापूर्वक बढ़ रही पार्टी
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल/उज्जैन: मध्यप्रदेश में भाजपा को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में जो अपार समर्थन मिला है, जिस तरह से बहुमत मिला है, वह वास्तव में जनता की जीत है। केंद्र एवं राज्य की डबल इंजन वाली सरकारें आम जनता के लाभ के लिए हर संभव प्रयत्न कर रही हैं। प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में देश की सवा सौ करोड़ जनता को सभी योजनाओं का लाभ डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर योजना के माध्यम से सीधे और प्रत्यक्ष तरीके से दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री जी एवं मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में हमारी सरकारें अंत्योदय के लक्ष्य की ओर सफलतापूर्वक कदम बढ़ा रही हैं। यह बात भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजकुमार चाहर ने उज्जैन में आयोजित मोर्चा के संभागीय सम्मेलन में कही।
किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर मध्यप्रदेश के दो दिवसीय प्रवास पर मंगलवार को इंदौर पहुंचे। यहां एयरपोर्ट पर किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शन सिंह चौधरी, प्रदेश महामंत्री पुरुषोत्तम शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह राजपूत, प्रदेश मंत्री रवि रावलिया, इंदौर नगर जिला अध्यक्ष मुकेश पवार, इंदौर ग्रामीण जिला अध्यक्ष घनश्याम पाटीदार, प्रमोद चौधरी सहित किसान मोर्चा इंदौर नगर एवं ग्रामीण जिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया। इसके उपरांत राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री चाहर मोर्चा के सम्मेलन में भाग लेने उज्जैन पहुंचे। सम्मेलन में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष दर्शनसिंह चौधरी ने मोर्चा की गतिविधियों की जानकारी दी।
पंचायत एवं नगरीय निकाय चुनाव में दिखाई दी किसान मोर्चा की भूमिकाः दर्शनसिंह चौधरी
संभागीय सम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष को मोर्चा की गतिविधियों की जानकारी देते हुए किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष से दर्शन सिंह चौधरी ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एवं नगरीय निकाय चुनाव में पार्टी समर्थित प्रत्याशियों के समर्थन में किसान मोर्चा मध्यप्रदेश द्वारा विभिन्न कार्यक्रम तय किए गए थे। इसके अनुसार हितग्राही किसान चौपाल कार्यक्रम 28 जून से 03 जुलाई 2022 के मध्य आयोजित किए गए। हलहारिणी अमावस्या के पवित्र दिन हल, ट्रैक्टर एवं कृषि यंत्र आदि के पूजन किया गया। चौपाल में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं किसान मोर्चे के पदाधिकारियों की सहभागिता रही। मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों के मतदान केंद्रों पर न्यूनतम 100 किसानों की संख्या वाली किसान चौपालें आयोजित की गई। कुल 1070 मंडलों में 933 में मोर्चा के कार्यक्रम हुए। इन कार्यक्रमों में 65950 प्रतिभागी उपस्थित रहे। श्री चौधरी ने बताया कि मोर्चा के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम यह रहे कि प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव एवं नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में भाजपा ने अभूतपूर्व विजय हासिल की।
आजादी के अमृत महोत्सव में 75 बड़े कार्यक्रम करेगा मोर्चा
श्री चौधरी ने बताया कि 24 जुलाई को भाजपा किसान मोर्चा पूरे प्रदेश भर में वृहद रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन करेगा। साथ ही प्रकृति संरक्षण के लिए कार्य कर रहे किसानों और अन्य लोगों का किसान मोर्चा के द्वारा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ‘किसान मेरा गौरव’ अभियान के अंतर्गत एवं आजादी के अमृत महोत्सव में पूरे प्रदेश भर में 75 बड़े कार्यक्रम किसान मोर्चा आयोजित करेगा।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें :
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999