जावरा में मुस्लिम और बोहरा समाज के साथ सामाजिक संगठन भी यात्रा में हुए शामिल

आशीर्वाद देकर फिर भाजपा सरकार बनाएं- रुपाला
उज्जैन संभाग की यात्रा में शामिल होकर केन्द्रीय मंत्री ने माँगा जनता से आशीर्वाद
तेज़ बारिश के बीच भी ग्रामीणों ने किया हर गाँव में यात्रा का स्वागत
खबर नेशन/ Khabar Nation
मंदसौर/रतलाम। लोग कह रहे थे बारिश आएगी तो जनआशीर्वाद यात्रा में दिक्कत होगी। लेकिन हमारे मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह बारिश हो इसके लिए महाकाल मंदिर में सपत्नीक 4 घंटे तक भगवान महाकाल की पूजा और अनुष्ठान करने में जुटे थे। और देखिए शिव की प्रार्थना का असर बारिश शुरू हुई, फसल खराब होने की चिंता कर रहे किसान खुश हुए, बारिश से हमें कोई दिक्कत नहीं हुई। जनआशीर्वाद यात्रा आप तक पहुंची भी और आप सब उसी बारिश में डटे रहकर आशीर्वाद रूपी पुष्प वर्षा भी कर रहे है। यह बात उज्जैन संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के चौथे दिन शुक्रवार को जावरा में रथ यात्रा को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री पुरूषोत्तम रूपाला ने कही। केन्द्रीय मंत्री श्री रूपाला ने जनता से आशीर्वाद मांगते हुए फिर से भाजपा सरकार बनाने की अपील की।
उज्जैन संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा शुक्रवार को मंदसौर के नयाखेड़ा से प्रारम्भ हुई। यात्रा में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उज्जैन संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के संयोजक श्री बंशीलाल गुर्जर, भोपाल हुजुर विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, वरिष्ठ नेता श्री कैलाश चावला, पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता व विधायक श्री यशपाल सिंह सिसोदिया और भाजपा जिला अध्यक्ष श्री नानालाल अटोलिया, मदनलाल राठौड़ ने जनता से आशीर्वाद लेते हुए भारतीय जनता पार्टी को जिताने की अपील की। यात्रा नयाखेड़ा होती हुई दलौदा पहुंची, यहाँ आदिवासी कलाकारों का समूह पारंपरिक वेशभूषा में यात्रा में शामिल हुआ। कलाकारों ने प्राचीन संस्कृति की झलक दिखाते हुए सुंदर नृत्यकला का प्रदर्शन किया। दलौदा में शासकीय विवेकानंद कॉलेज की सौगात देने पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सड़क किनारे खड़े होकर पुष्प वर्षा की। यहाँ विधायक रामेश्वर शर्मा ने रथ यात्रा के माध्यम से छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। यहाँ से यात्रा ने आक्या, कचनारा, माननखेड़ा होते हुए रतलाम जिले की जावरा विधानसभा में प्रवेश किया। स्थानीय विधायक डॉ.राजेन्द्र पांण्डेय और जिला अध्यक्ष श्री राजेन्द्र सिंह लुनेरा के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने यात्रा का स्वागत किया। यहाँ से केन्द्रीय मंत्री श्री पुरुषोत्तम रूपाला और पार्टी की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार भी यात्रा में शामिल हुई।
मोदी जी के नेतृत्व में भारत का विश्व में मान सम्मान बढा
जावरा में जन आशीर्वाद यात्रा ने नगर भ्रमण किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री पुरुषोत्तम रूपाला और पार्टी की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार, सांसद श्री सुधीर गुप्ता, जावरा विधायक श्री राजेन्द्र पांडे ने रथ सभाओं में जनता से आशीर्वाद माँगा। जावरा शहर के घंटाघर चौराहा पर रथ सभा को संबोधित करते हुए श्री रूपाला ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने देश को सशक्त करने के लिए नित नए कार्य कर रहे है। आज भारत का मान सम्मान विश्व में बढा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान पूरे देश में नित नई योजनाओं के लिए पहचाने जाते है। लाडली लक्ष्मी और लाडली बहना ऐसी योजनाएं है जिसका दूसरे राज्य भी अनुसरण कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान को फिर से आशीर्वाद देकर भाजपा की सरकार बनाएं। जावरा में यात्रा का जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। कई स्थानों पर मुस्लिम और बोहरा समाज के लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।
आज विश्व पटल पर भारत सबसे बड़ी शक्ति के रुप मे उभर रहा - कविता पाटीदार
जावरा से पिपलोदा के यात्रा मार्ग में तेज़ बारिश के बीच भी ग्रामीण रास्ते के हर गाँव में यात्रा का स्वागत करने के लिए डटे रहे। पिपलोदा पहुँचने पर पार्टी की प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार ने रथ यात्रा को संबोधित करते हुए कहा कि आज विश्व पटल पर भारत सबसे बड़ी शक्ति के रुप मे उभर रहा है । यह प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदीजी के सुशासन और गरीब कल्याण की ताकत का ही कमाल है कि आज भारत विश्व की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है। किसानों का जीवन स्तर कैसे सुधारा जाए इसके लिए मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान सदैव चिंतित रहते हैं।
कमलनाथ जनता को बरगलाने के लिए घूम रहें - रामेश्वर शर्मा
पिपलोदा में रथ सभा को भोपाल हुजुर के विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस के नेता कमलनाथ जनता को बरगलाने के लिए घूम रहें है। कांग्रेस ने कभी जनता के हित की बात नहीं की है। उन्होंने उपस्थित जनता से पूछा कि कांग्रेस ने कभी श्रीराम की जय बोल सकती है क्या..? कांग्रेस कभी गरीबों के घर बना सकती है क्या...? उपस्थित जनता ने जवाब में कहा-नहीं बोल सकती। श्री शर्मा ने जनता का आभार जताते हुए कहा कि इतनी बारिश में यात्रा के लिए आपका सड़कों पर घंटों इंतजार करना ही भाजपा को सच्चा जन आशीर्वाद है। विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने कहा कि अभी तो 317 सीट आपने दी तो प्रधानमंत्री श्री मोदीजी ने धारा 370 हटा दी। जिस दिन 350 सीट दे दोगे उस दिन इस्लामाबाद में भी तिरंगा फहरा देंगे। उन्होंने कहा कि मोदीजी ईश्वर की दी हुई अनमोल धरोहर है। कांग्रेसी गाँधीजी के सपनों का रामराज्य नहीं ला पाए मगर हम कसम खाते है रामराज्य लाकर रहेंगे। सैलाना पहुंची यात्रा को रतलाम-झाबुआ सांसद श्री गुमानसिंह डामोर ने संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी यानी विकास की पार्टी। इस देश मे कुछ लोग ऐसे है जो सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से करते हैं। इसे मिटाने की बात करते हैं। 60 साल के शासनकाल में कांग्रेस सनातन का कुछ नहीं बिगाड़ पाई तो अब क्या बिगाड़ लेगी। कांग्रेस राज़ में सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट खसोट के सिवा कुछ नहीं हुआ। वहीं भाजपा के राज में देश और प्रदेश का विकास हुआ है। किसानों का विकास हुआ है। बहनों को आत्मसम्मान से जीने का अवसर मिला है।
इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री सचिन सक्सेना, जिला प्रभारी श्री प्रदीप पांडे, संस्कृत बोर्ड अध्यक्ष भरत दास बैरागी, यात्रा क्लस्टर प्रभारी ईश्वर लाल पाटीदार, जिला प्रमुख अशोक जैन लाला, जिला भाजपा महामंत्री प्रदीप उपाध्याय, निर्मल कटारिया, जिला चुनाव संयोजक बजरंग पुरोहित, जावरा विधानसभा प्रमुख बद्रीलाल शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य के के सिंह, वरिष्ठ नेता प्रकाश मेहरा सहित भाजपा मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
जन आशीर्वाद यात्रा 9 सितंबर को रतलाम शहर से होगी प्रारंभ
9 सितंबर को यात्रा रतलाम शहर से सुबह 9ः30 पर प्रारंभ होगी। यात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री जयभानसिंह पवैया, सांसद श्री गुमानसिंह डामोर, यात्रा संयोजक श्री बंसीलाल गुर्जर, सह संयोजक डॉ तेज़ बहादुरसिंह चौहान, रतलाम विधायक श्री चेतन कश्यप, रतलाम ग्रामीण विधायक श्री दिलीप मकवाना मौजूद रहेंगे। यात्रा 10 बजे रतलाम ग्रामीण के ग्राम सनावदा पहुंचेगी। दोपहर 12 बजे ग्राम कमेड के रास्ते उज्जैन जिले के बड़नगर विधानसभा के भाट पचलाना होते हुए नोगावाँ फंटा, बड़ागांव फंटा, खेड़ावदा फंटा, रुनिजा स्टेशन, सुन्दराबाद, बालोदा लक्खा, बालोदा कोरन होते हुए दोपहर 12.15 पर खरसौद कलां, सलवा, चिरोला, देहटा, होकर घट्टिया विधानसभा के लेकोडा आंजना, उन्हेल स्टेशन, नवादा से होकर 1.30 बजे उन्हेल कस्बे में प्रवेश करेगी, यहाँ मंच सभा होगी । यहां से यात्रा बरखेड़ा नज़िक, मालिखेड़ी, कुंडला, पिपलिया मोलू, चक माधोगढ़, झिरनिया फंटा, हताई पालकी से नागदा-खाचरौद विधानसभा के ग्राम डाबड़ी, बनबना होकर 3.15 पर नागदा शहर पहुंचेगी। यहां रथ सभा के पश्चात भगतपुरी, गिन्दवानिया चौराहा, उमरनी, उमरना, बुरानाबाद, चौकी होते हुए 3.40 पर खाचरौद आएगी। यहाँ मंच सभा को भाजपा नेता संबोधित करेंगे। यहाँ से घुड़ावन, कंचनखेड़ी फंटा, घिनोदा, फरनाखेड़ी, मीण, बड़ावदा, ताल होते हुए रात 8 बजे आलोट पहुंचेगी। रात्रि विश्राम आलोट रहेगा।
सबसे बड़ा सर्वे :
मध्यप्रदेश का सबसे भ्रष्ट मंत्री कौन?
जवाब देगी जनता
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में संभावित हैं। विपक्षी दल कांग्रेस मध्यप्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहा है। खबर नेशन यह नहीं कहता कि सभी मंत्री भ्रष्ट हैं।
जनता जनार्दन भी कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार का शिकार हुई है। आखिर क्या है वस्तु स्थिति?
कौन है मध्यप्रदेश का भ्रष्ट मंत्री?
जनता फैसला करेगी।
हम शीघ्र ही सर्वे प्रक्रिया आपके समक्ष चालू कर रहे है। आग्रह है आप खबर नेशन डॉट कॉम द्वारा करवाए जाने वाले सर्वे में अपना मत प्रकट करें। आपके निर्णय को प्रकाशित किया जाएगा लेकिन आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
धन्यवाद
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999