संघ शाखा पर प्रतिबंध का वचन कांग्रेस की संकीर्ण मानसिकता”
खबरनेशन / Khabarnation
भाजपा नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने कांग्रेस के वचन पत्र को बताया धोखा पत्र
प्रदेश की जागृत जनता विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को देगी करारा जवाब
इंदौर 11 नवम्बर,2018/ भाजपा नगर अध्यक्ष गोपीकृष्ण नेमा ने बताया कांग्रेस ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में शासकीय परिसरों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की शाखा लगाने पर प्रतिबंध तथा शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारियों को शाखाओं में छूट संबंधी आदेश निरस्त करने की बात कहकर अपनी ओछी व संकीर्ण मानसिकता का परिचय दिया है। कांग्रेस का वचन-पत्र मात्र ख्याली पुलाव है। जनता सब जानती है और उनकी बातों पर ही विश्वास करती है, जिसकी कोई साख होती है।
आपने कहा कि कांग्रेस का यह वचन पत्र झूठ का पुलिंदा है प्रदेश की जनता के साथ सिर्फ धोखा है। जनता ने 15 वर्ष पूर्व कांग्रेस का कुशासन देखा है। आरएसएस एक राष्ट्रवादी संगठन है। 1925 में स्थापना से लेकर आज तक संघ राष्ट्रीय विचारों व कार्यों को लेकर कार्यरत हैं। संघ के स्वयंसेवकों ने देश के लिए समय-समय पर बलिदान देकर इसकी एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने में अविस्वमरणीय योगदान दिया है। आज समूचा विश्व संघ व इसके स्वयंसेवकों का लोहा मान चुका है। ऐसे में अपनी जमीन खिसकते हुए देखकर घबराई कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में अप्रत्यक्ष रूप से राष्ट्रवाद पर ही हमला बोला है। प्रदेश की स्वाभिमानी जनता इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। कांग्रेस को विधानसभा चुनाव में अपनी ओछी व संकीर्ण मानसिकता का खामियाजा हर हाल में भुगतना पड़ेगा। नेमा ने कहा कांग्रेस अनंतकाल से झूठ बोलने का काम करती रही है, ऐसी स्थिति में उसके वादों पर जनता द्वारा विश्वास किए जाने का सवाल ही नहीं उठता। कांग्रेस को पता है कि उसे सत्ता में आना नहीं है, इसलिए वह वचन पत्र में ऐसे वादे कर रही है, जिन्हें पूरा न किया जा सके।