मंहगाई ने आम आदमी की कमर तोडी श्री अजय सिंह
खबरनेशन / Khabarnation
मंहगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ कर रख दी
जनता ही नहीं खुद भाजपा के लोगों का अपनी पार्टी से मोहभंग हो गया
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह की सभा में भाजपा विधायक श्रीमती प्रमिला सिंह हुईं कांग्रेस में शामिल
भोपाल 16 नवंबर 2018। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह की शहडोल जिले के जयसिंह नगर में आज हुई एक विशाल जनसभा में भारतीय जनता पार्टी की मौजूदा विधायक श्री प्रमिला सिंह ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने कहा कि भाजपा के पिछले 15 साल के राज में प्रदेश के हालात इतने बद्तर हो गए हैं कि भाजपा में भगदड़ मच गई है और वे अपनी पार्टी छोड़ने पर मजबूर हो गए हैं। पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों , मंहगाई, नोटबंदी और जी.एस.टी. जैसे फैसलों ने देश के लोगों की कमर तोड़ कर रख दी है। आर्थिक हालात बेकाबू हो गए हैं। श्री सिंह आज शहडोल जिले की विभिन्न विधानसभाओं में सघन चुनाव प्रचार के दौरान जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे।
नेता प्रतिपक्ष श्री अजय सिंह ने विंध्य प्रदेश के चुनावी दौरे के दूसरे दिन विभिन्न जनसभाओं में कहा कि मध्यप्रदेश के इतिहास में यह पहला चुनाव है जब सत्तारूढ़ पार्टी को न केवल जनता का बल्कि पार्टी के अंदर व्याप्त विरोध का सामना करना पड़ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि यह बताता है कि भाजपा का चरित्र दोगला है और उसके इस चरित्र के कारण पार्टी के लोगों का और जनता का मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ अपना पूरा समर्थन प्रदेश की और केंद्र की सरकार को दिया था उसके साथ भाजपा के नरेंद्र मोदी और प्रदेश की शिवराज सरकार ने विश्वासघात किया है
श्री सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के चार साल इस देश में काले दिन लाए। पेट्रोल-डीजल, गैस कनेक्शन दामों में भारी बढ़ोत्तरी, जीएसटी, नोटबंदी जैसे फैसलों ने देश की आर्थिक स्थिति की कमर तोड़ कर रख दी। किसी भी देश की करेंसी उसकी शान होती है आज भारतीय रूपया जिस तरह से धराशायी है डॉलर के मुकाबले वह देश के इतिहास में पहली बार हुआ है। श्री सिंह ने कहा कि राष्ट्रवाद की बात करने वाले नकली लोगों ने पूरे देश की शान को ध्वस्त कर दिया है।
श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस का नारा है ‘‘वक्त है बदलाव का‘‘ इसकी अहमियत को समझें और आने वाले प्रदेश के विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाएं की वोट देकर सत्ता देना जानते हैं तो सत्ता छीनने का अधिकार भी इस देश के लोकतंत्र ने उन्हें दिया है।