विधानसभा चुनाव 2023 : कमलनाथ के सर्वे में मध्यप्रदेश में भाजपा 90 सीटों पर मजबूत 140 सीटों पर कांग्रेस कड़ी टक्कर देने की स्थिति में

 

दिग्विजय ने बांटी अपने  समर्थकों को 25 सीटें , कमलनाथ की सहमति

कमलनाथ ने तय किए 60 प्रत्याशी दी चुनाव में जुटने की हरी झंडी

एक दर्जन सीटों पर कांग्रेस को प्रत्याशियों का टोटा

गौरव चतुर्वेदी खबर नेशन Khabar Nation
मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ द्वारा आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से करवाए गए सर्वे में भारतीय जनता पार्टी 90 सीटों पर मजबूत नज़र आ रही है। इनमें से लगभग एक दर्जन सीटों पर कांग्रेस के पास भाजपा के मुकाबले मजबूत प्रत्याशियों का टोटा नज़र आ रहा है।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होना है। जिसको लेकर कांग्रेस सर्वे और फीडबैक के सहारे अपनी रणनीति बनाने में जुटी है। इसी के साथ ही कांग्रेस अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है। इसे वह मंडलम अभियान के गठन के साथ पूरा कर रही है। कमलनाथ कैम्प के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार वर्तमान हालात में कांग्रेस भाजपा को 140 सीटों पर कड़ी टक्कर देने की स्थिति में है।
उक्त वरिष्ठ नेता ने खबर नेशन से अनौपचारिक बातचीत में कांग्रेस और मध्यप्रदेश की ताजा राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करते हुए इस बात के संकेत दिए। वे तल्ख लहजे में कह गए कि दिग्विजय सिंह ने अपने 25 प्रत्याशियों को अनौपचारिक तौर पर घोषित कर दिया है। उन्होंने इस बात को स्वीकारा कि प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ की भी इस मामले में सहमति रही है। हांलांकि इनमें से अधिकांश नाम वर्तमान विधायकों के हैं। इनमें से हारी हुई कुछ चुनिंदा सीटों पर ही प्रत्याशी तय कर उन्हें चुनाव लड़नें की तैयारी करने के संकेत दे दिए गए हैं। सूत्रों के अनुसार दिग्विजय सिंह के इस कदम के साथ साथ कमलनाथ ने अपने गुट के चुनिंदा प्रत्याशियों को तय कर अभी से जुटने के संकेत दे दिए हैं।

Share:


Related Articles


Leave a Comment