खबर नेशन पर्यटन निगम के अधिकारी को सेवा निवृत्ति पर दी आत्मीय विदाई
म.प्र. राज्य पर्यटन विकास निगम के मुख्यालय में पदस्थ श्री डी.एस. सूदन, वरिष्ठ प्रबंधक, आज दिनांक 31 अक्टूबर 2018 को अपनी अर्द्धवार्षिकी आयु पूर्ण कर सेवा निवृत्त हुए। पर्यटन भवन, भोपाल में आयोजित विदाई कार्यक्रम में निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने डी.एस. सूदन को शॉल-श्रीफल स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति-पत्र भेंट कर सम्मानित किया। डॉ. इलैया राजा टी ने सेवानिवृत्त श्री सूदन को उनके सफल सेवाकाल एवं निगम में उनके द्वारा किये गये कार्यों की सराहना एवं सुखद भविष्य की कामना की । डॉ. इलैया राजा टी ने कहा की पर्यटन निगम को शून्य से शिखर तक पहुँचाने में निगम के सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों का योगदान है। निगम के प्रबंध संचालक डॉ. इलैया राजा टी ने कहा की किसी भी कर्मचारी या अधिकारी के जीवन में 31 वर्ष की सेवा अवधि एवं अनुभव होना बडी बात है हम उम्मीद करते है कि भविष्य में भी पर्यटन निगम को श्री सूदन के अनुभवों का लाभ मिलता रहेगा हम उनके सुखद: भविष्य की कामना करते है इस अवसर पर सभी अधिकारियों/कर्मचारियों ने उन्हें उनके सेवाकाल के कार्यो की प्रशंसा एवं सराहना करते हुए आत्मीय विदाई दी। श्री सूदन ने अपने सेवा अवधि में निगम के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों से मिले सहयोग के लिये धन्यवाद देते हुए आभार व्यक्त किया।
पर्यटन निगम कर्मचारी कल्याण समिति के संरक्षक श्री माजिद प्रेमी, अध्यक्ष श्री चन्द्रभान राय एवं श्री शहावर खान द्वारा श्री सूदन को स्मृति चिन्ह भेंट किये । श्री सूदन ने अपने सेवाकाल के शुरूआती दिनों को याद किया तथा अपने संस्मरण एवं अनुभवों को निगम के समस्त अधिकारियों / कर्मचारियों के साथ साझा किया ।
इस अवसर पर पर्यटन विकास निगम के मुख्य अभियंता श्री के.पी.एस. राणा, महाप्रबंधकगण श्री एस.के. गुप्ता, श्री सुहैल कादिर, श्री महेश दीक्षित, श्री अजीत भास्कर, श्री सैयद आरिफ नकवी सहित निगम मुख्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि श्री डी.एस. सूदन 23 जून 1987 से निगम में में अपनी सेवायें दे रहे थे।