कांग्रेस तुष्टीकरण और देष विरोधी ताकतों को सरंक्षण देती है - डॉ. नरोत्तम मिश्रा

प्रदेश सरकार के मंत्री एवं यात्रा प्रभारी ने रायसेन में जनसभा को किया सम्बोधित
यात्रा में उमडा जनसैलाब, विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
खबर नेशन/ Khabar Nation
सांची। केंद्र और राज्य की डबल इंजन की भाजपा सरकार महिलाओं के उत्थान और उन्हें सशक्त बनाने के लिए लगातार योजनाएं बना रही है और लागू भी कर रही हैं। मोदी जी ने महिलाओं के लिए आरक्षण नीति संसद में पेश की है इसके लिए मोदी जी का धन्यवाद करता हूं। आज जितनी भी योजना हम बना रहे हैं उनमें से अधिकतर महिला उत्थान और सशक्तिकरण से जुड़ी हैं। वही कांग्रेस योजना चुराती है और अपना बताने लगती है। कांग्रेस का थीम सॉन्ग पाकिस्तान से चोरी करके बनाया गया है। कांग्रेस तुष्टीकरण के लिए, जनता को डराने के लिए, देश के खिलाफ काम करने वालों को संरक्षण देने का काम करती है। यह बात प्रदेश के गृह मंत्री डॉ नरोत्तम मिश्रा ने रायसेन में सभा को संबोधित सम्बोधित करते हुए कही। सभा को प्रदेष शासन के मंत्री श्री प्रभुराम चौधरी, यात्रा प्रभारी श्री रणवीर सिंह रावत ने सम्बोधित किया।
प्रदेशवासियों को मिल रहा योजनाओं का लाभ
डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि यह जन आशीर्वाद यात्रा आप सभी का आशीर्वाद लेने के लिए निकली है। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान देश के ऐसे इकलौते मुख्यमंत्री हैं जिनका प्रदेश की जनता से भाई, मामा और बेटे का रिश्ता है। मुख्यमंत्री हर समय प्रदेश की जनता की भलाई के लिए दिन रात मेहनत करते हैं और नई-नई योजनाएं बनाते हैं। इन योजनाओं का लाभ भी प्रदेशवासियों को लगातार मिल रहा है। हमारी लाडली बहना योजना बहनों की जिंदगी में बहुत बड़ा बदलाव लाने वाली योजना है। दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्री भी इस योजना के बारे में जानकारी लेने लगे हैं। मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान सभी प्रदेशवासियों की चिंता करते हैं उसी प्रकार आप सभी को शिवराजजी के खिलाफ षडयंत्र करने वाली कांग्रेस को सबक सिखाना है।
विकास के आधार पर मिल रहा जनता का आशीर्वाद - डॉ. प्रभुराम चौधरी
प्रदेष शासन के मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि शिवराज सरकार ने कानून व्यवस्था को डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व में चाक चौबंद बना रखा है। आज केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकारें मिलकर गरीबों के लिए फ्री राशन, किसान सम्मान निधि, लाड़ली लक्ष्मी, लाडली बहनों को हर महीने पैसा पहुंचा रहे हैं। सीखो कमाओ योजना, आवास योजना, उज्ज्वला योजना जैसी तमाम योजनाएं लागू कर आमजन के जीवन स्तर में बदलाव ला रही हैं। आज यह डबल इंजन की सरकारों का ही असर है कि सांची एशिया में सबसे बड़ी सोलर सिटी के रूप में पहचान बनाने जा रहा है। डॉ. चौधरी ने कहा कि आज हमें पूरे प्रदेश में विकास के आधार पर भारी जन आशीर्वाद मिल रहा है। रायसेन में पहले जिला अस्पताल में छोटी बीमारियों का इलाज भी संभव नहीं हो पता था लेकिन आज के समय में जिला अस्पताल में 530 प्रकार की दवाएं उपलब्ध हैं। साथ ही गहन चिकित्सा इकाई से संबंधित जांचें भी जिला अस्पताल में उपलब्ध हैं जिससे लोगों को अन्य शहरों की तरफ नहीं भागना पड़ता। उन्होंने कहा कि और भी बहुत से कार्य रह गए हैं जिन्हें हम अगले चरण में पूरा करने का वादा करते हैं।
मध्यप्रदेश के विकास मॉडल को अपना रहे अन्य राज्य - रणवीर सिंह रावत
पार्टी के प्रदेष महामंत्री व यात्रा प्रभारी श्री रणवीर सिंह रावत ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि रायसेन से भारतीय जनता पार्टी को आप सबका आशीर्वाद मिले, इसलिए हम यहां आए हैं। हम हर वर्ष चुनाव से पहले इस यात्रा के माध्यम से आप सबका आशीर्वाद मांगते हैं और हमें मिलता भी है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की कमान जब संभाली थी तब मध्यप्रदेष बीमारू राज्य था। आज हमारा प्रदेश प्रगति के रथ पर दौड़ रहा है। रफ्तार भी ऐसी कि हमारे प्रदेश के मॉडल को अन्य प्रदेश भी अपना रहे हैं। इस रफ्तार को जारी रखना है तो भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर से विजयी बनाना है। सभा के दौरान जिला अध्यक्ष श्री राकेश शर्मा, जिला प्रभारी श्री सुधीर अग्रवाल, श्रीमती मीना कुशवाहा, श्री जमुना सेन, श्री दीपेंद्र कुशवाहा, श्री राजेंद्र सिंह राठौर, श्री सुरेंद्र तिवारी, श्री यशवंत मीणा एवं श्रीमती सविता जमुना सेन सहित जिला पदाधिकारी उपस्थित थे।
यात्रा का विभिन्न स्थानों पर हुआ भव्य स्वागत
ग्वालियर-चंबल संभाग की यात्रा बुधवार को प्रातः रायसेन जिले के सांची से प्रारंभ हुई। ये यात्रा सलामतपुर जोड, मेढकी, पगनेश्वर, रायसेन, पठारी, नकतरा, खंडेरा, नरवर, देवनगर, गढ़ी, गैरतगंज, पलेहा होते हुए बेगमगंज पहुंची, जहॉ विभिन्न स्थानों पर जनता जनार्दन ने भव्य स्वागत किया।
सबसे बड़ा सर्वे :
मध्यप्रदेश का सबसे भ्रष्ट मंत्री कौन?
जवाब देगी जनता
मध्यप्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव नवंबर 2023 में संभावित हैं। विपक्षी दल कांग्रेस मध्यप्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा रहा है। खबर नेशन यह नहीं कहता कि सभी मंत्री भ्रष्ट हैं।
जनता जनार्दन भी कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार का शिकार हुई है। आखिर क्या है वस्तु स्थिति?
कौन है मध्यप्रदेश का भ्रष्ट मंत्री?
जनता फैसला करेगी।
हम सर्वे प्रक्रिया आपके समक्ष चालू कर रहे है । दी गई लिंक पर अपना मत देकर सर्वे प्रक्रिया में भाग ले । आग्रह है आप खबर नेशन डॉट कॉम द्वारा करवाए जाने वाले सर्वे में अपना मत प्रकट करें। आपके निर्णय को प्रकाशित किया जाएगा लेकिन आपका नाम गोपनीय रखा जाएगा।
धन्यवाद
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999