अजब सरकार के गज़ब गृहमंत्री
नरोत्तम मिश्रा के गृह जिले में ही पदस्थ है वारंटी थानेदार
विधायक,पूर्व गृह मंत्री कांग्रेसियों सहित भूख हड़ताल पर बैठे। शासन प्रशसन के खिलाफ कांग्रेस का सत्याग्रह
खबर नेशन /Khabar Nation
मध्यप्रदेश की अजब सरकार के गजब गृहमंत्री कहे जा सकते हैं डॉ नरोत्तम मिश्रा। मध्यप्रदेश पुलिस ने उन्हीं के गृह जिले दतिया में वारंटी थानेदार पदस्थ कर रखा है। इस मामले का खुलासा आज तब हुआ जब जिले के कांग्रेस कार्यकर्ता आठ सूत्री मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे।
कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती ने बताया कि 2015 -2016 में राजनैतिक प्रताड़ना के तहत मोहन सिंह सौरभ अभिभाषक के साथ पुलिस ने घर में और थाने पर मारपीट की थी। लगभग एक माह तक इस घटना के विरोध में हड़ताल भी की थी। इस घटना को लेकर पीडि़त अभिभाषक मोहन सिंह सौरभ ने न्यायालय में निजी इस्तगासा दायर किया था। जिसमें थाना प्रभारी धनेन्द्र सिंह भदौरिया एवं अन्य के ख़िलाफ़ गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। इस मामले को लेकर आरोपीगण सुप्रीम कोर्ट भी गये थे, जिनकी अपील को डिसमिस कर दिया गया। वारंटी थानेदार धनेन्द्र सिंह भदौरिया इन दिनों दतिया जिले की सेंट्रल कोतवाली थाने पर पदस्थ हैं।
इस मामले सहित सात अन्य मांगों को लेकर सेवढ़ा विधायक घनश्याम सिंह,पूर्व गृह मंत्री महेंद्र बौद्ध,पूर्व विधायक राजेन्द्र भारती कांग्रेस जिलाध्यक्ष नाहर सिंह यादव ने आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ शासन एवं प्रशासन के खिलाफ क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी है। आज पहले दिन क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की गई। यह सत्याग्रह कांग्रेस नेताओ द्वारा 8 सूत्रीय मांगों को लेकर किया जा रहा है जिनमे कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओ पर पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामलों की जांच करवाकर केस खारिज किये जाने,मंत्री द्वारा covid 19 का उल्लंघन किये जाने पर उनके खिलाफ मामला दर्ज किए जाने,कोतवाली टीआई के खिलाफ जारी वारंट की तामील करवाकर उन्हें कोतवाली से हटाने,दतिया गिर्द का 1943-44से गायब नक्शा उपलब्दज करवाने ,दतिया कलेक्टर एसपी को तत्काल हटाने,शहर एवं बिजली क्षेत्रो में बिजली के मनमाने बिल दिए जा रहे है उनको निरस्त करने,डीजल,पेट्रोल की कीमतें घटाने की मांगे प्रमुख रूप से शामिल हैं। आज क्रमिक भूख हड़ताल की शुरुआत महात्मा गया गांधी जी के चित्र पर फूल माला अर्पित कर की गई। इस अवसर पर कांग्रेस नेतागण राधाबल्लभ सरवरिया,गुरुदेव शरण गुप्ता,संतोष लिटोरिया,अन्नू पठान,स्वामी शरण कुशवाहा,अजय शुक्ला,साहब सिंह यादव, बी के नामदेव,अशोक श्रीवास्तव,सुनील पांचाल, बलवीर यादव,राघवेंद्र यादव, अमरीश बाल्मीकि,पातीराम पाल सहित अन्य कांग्रेसी मौजूद ।