अनंतजी! हो सके तो लौटकर आना : शिवराज सिंह
खबरनेशन / Khabarnetion
राजनीति जगत के लिए अनंत जी का निधन अपूर्णीय क्षति : राकेश सिंह
केन्द्रीय मंत्री श्री अनंत कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष ने शोक व्यक्त किया
भोपाल। केन्द्रीय मंत्री श्री अनंत कुमार के निधन पर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान एवं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्री अनंत कुमार के निधन को राजनीति जगत के लिए अपूर्णीय क्षति बताया है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने केंद्रीय मंत्री श्री अनंत कुमार के निधन पर गहरा शौक व्यक्त करते हुए कहा कि अनंत कुमार जी कुशल संगठन थे, लोकप्रिय नेता थे, कर्नाटक की जनता के दिल में बसते थे। वे कुशल प्रशासक भी थे। मध्यप्रदेश से उनका गहरा रिश्ता था। उनके यहां के प्रभारी रहते हुए भाजपा ने 2008 एवं 2013 का विधानसभा चुनाव लड़ा और उनके मागदर्शन में सफलता भी प्राप्त की। वे हर कार्यकर्ता से स्नेह करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्नाटक में भाजपा के द्वार खोलने और सरकार बनाने में अनंत कुमार जी का बड़ा योगदान था। उनका स्नेह हमें भी मिला। उनके केंद्रीय मंत्री रहते हुए मध्यप्रदेश सहित देश के किसी भी राज्य में फर्टिलाइजर की दिक्कत कभी नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि अभी कुछ दिन पहले ही उनसे मुलाकात हुई थी, तब उनसे आग्रह किया था कि वे मध्यप्रदेश में भाजपा को जीत दिलाने आएं। उन्होंने आश्वस्त भी किया था कि वे चुनाव में जरूर आएंगे। लेकिन इस बार वे वादा पूरा नहीं कर पाए और समय से पहले हमें छोड़कर चले गए। अनंतकुमार जी के नहीं रहने से प्रधानमंत्री के मंत्रिमंडल में सदस्य के रूप में एवं सार्वजनिक जीवन में जो रिक्तता आई है वह कभी नहीं भरी जा सकेगी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने उनके दुखद निधन पर शोक संत्पत परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की ईश्वर से प्रार्थना की है। साथ ही यह भी कहा है कि अनंतजी हो सके तो लौटकर आना।
श्री राकेश सिंह ने केंद्रीय मंत्री श्री अनंतकुमार जी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में लम्बे समय तक संगठनात्मक प्रभारी के रूप में श्री अनंतकुमार जी ने हमे मार्गदर्शन दिया। केंद्र में विभिन्न मंत्रालयों में पूरी सक्षमता के साथ मंत्री पद को सुशोभित किया और वर्तमान में केंद्र में संसदीय कार्यमंत्री के रूप में जिस तरह अपनी भूमिका का निर्वहन किया। जिसके कारण उन्होंने जनता के एक अलग छाप छोड़ी।
श्री सिंह ने कहा कि लोकसभा में मुख्य सचेतक रहने के कारण मेरा उनसे अत्यंत निकट और आत्मीय सम्बन्ध था। श्री अनंतकुमार जी ने हमेशा राजनीति की सीमाओ से परे हटकर काम किया। उनका निधन न सिर्फ मध्यप्रदेश और कर्नाटक संगठन के लिए बल्कि पुरे देश की राजनीति जगत के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। जिसकी भरपाई शायद ही कभी होगी। श्री राकेश सिंह ने मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए परम पिता परमेश्वर से यह कामना की कि दुःख की इस घडी में उनके परिवार को इस दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।