नशे के सेवन से बढ़ रहे हैं अपराध

नशा मुक्ति को लेकर गांधीनगर टीआई नीता देअरवाल ने चलाया जागरूकता अभियान

खबरनेशन/Khabarnation  

इंदौर। शहर में तमाम तरह की वारदातों में नशे के सेवन के मामले दिन पर दिन बढ़ रहे हैं। महिलाएं जागरूक हो तो अपने परिवार को नशे से बर्बाद होने से बचा सकती हैं। उक्त प्रेरक विचार गांधी नगर थाना प्रभारी नीता देअरवाल ने जनजागरुकता कार्यक्रम में व्यक्त किये। गौरतलब रहे टीआई नीता देअरवाल क्षेत्र में अपनी कार्यशैली की वजह से काफी लोकप्रिय हो रही हैं।अपराध को नियंत्रण करने में वे लगातार कार्यवाही कर रही हैं और जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से जागरूक भी कर रही हैं। टीआई नीता देअरवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि समाज में दिन-प्रतिदिन शराब, मादक पदार्थों व द्रव्यों के सेवन की बढ़ती हुई प्रवृत्ति को रोकने के लिए गांधी नगर पुलिस द्वारा अभियान चलाया गया। इस आयोजन का उद्देश्य समाज में बढ़ती हुई मद्यपान, तम्बाकू, गुटखा, सिगरेट की लत एवं नशीले मादक द्रव्यों, पदार्थों के दुष्परिणामों से समाज को अवगत कराना था। ताकि मादक द्रव्य एवं मादक पदार्थों के सेवन की रोकथाम के लिए उचित वातावरण एवं चेतना का निर्माण हो सके।

थाना प्रभारी गांधी नगर के द्वारा थाना क्षेत्र के रहवासियों को नशा मुक्ति का संकल्प भी दिलाया गया। रहवासियों से मुलाकात कर नशे के कारण होने वाले दुष्परिणामो व अपराधों के बारे मे जागरुक किया गया। 

एसएसपी रुचि वर्धन मिश्र द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि इन्दौर शहर में नशाखोरी करने के कारण बढ़ रहे अपराधों से बचने के लिये किस तरह की सावधानियाँ रखना चाहिये।इन सावधानियो का प्रचार प्रसार करने हेतु निर्देश पर अमल करते हुए जनजागरुकता कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक पश्चिम सूरज वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झोन-2 पश्चिम मनीष खत्री, नगर पुलिस अधीक्षक गाँधी नगर श्री नितीश उपाध्याय  के मार्गदर्शन में गांधी नगर थाना प्रभारी नीता देअरवाल द्वारा क्षेत्र के रहवासियों को एकत्रित कर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें अधिक संख्या मे महिलाएं, सीनियर सिटीजन, युवक व बच्चे शामिल हुए। सभी रहवासियों से कहा कि साक्षरता हम फैलाएंगे नशे को जड़ से मिटाएंगे। उन्हें नशाखोरी के कारण होने वाले अपराधों, दुष्परिणामो व परेशानियो के बारे मे जानकारी देकर जागरुक किया गया।सूनसान इलाक़ों में नशाखोरी करने वालों और नशाखोरी कर मोहल्लों की शांति भंग करने वाले लोगों की बेख़ौफ़ जानकारी देने को भी कहा गया। जिससे उन्हें नशा मुक्ति की और आगे बढ़ाया जाये और नशाखोरी से होने वाले दुष्परिणाम से बचाया जा सके। कार्यक्रम में थाना प्रभारी गांधी नगर द्वारा स्वयं का मोबाईल नंबर दिया। महिलाओं और बालिकाओं को बताया की किसी भी प्रकार की समस्या हो तो तत्काल मोबाइल पर चर्चा कर बताएं।

क्षेत्र के एक मन्दिर में बैठी सीनियर सिटीजन महिलाओं से चर्चा कर स्वास्थ्य के बारे में पूछा। उनके साथ टीआई मेडम ने भी भजन गाये।महिलाओं की रोजमर्रा की समस्याएँ जानी और सभी को अपना मोबाइल नम्बर देकर बताया की कोई परेशानी हो तो तत्काल फोन लगाये। इस दौरान रहवासियों से पृथक-पृथक उनकी समस्याऐ सुनी गई। सभी के द्वारा बताई गई समस्याओ का निराकरण शीघ्र किये जाने का आश्वासन दिया गया। किसी तरह की घटना घटित होने पर किस तरह से पुलिस की मदद ले सकते है ये जानकारी भी प्रदान की गई ।थाना प्रभारी गांधी नगर नीता  देअरवाल ने बताया कि नशाखोरी से होने वाले दुष्परिणामों की जानकारी आगामी दिनों में अधिक से अधिक जागरूकता एवं जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित कर दी जाएगी और नशा मुक्ति का अधिक प्रचार प्रसार किया जावेगा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment