पुलिस और जनता का साथ ही कम करेगा अपराध

थाना प्रभारी नीता देअरवाल को महिलाओं ने शाल ओढ़ाकर सम्मान से नवाज़ा

खबरनेशन/Khabarnation  

इंदौर। शहर की जनता ने जागरूकता का परिचय देते हुए स्वच्छता में सहयोग दिया तो इंदौर तीसरी बार नम्बर वन बन पाया। इसी तरह अपराध रोकने के लिए पुलिस के साथ-साथ जनता का सहयोग जरूरी है। पुलिस व जनता मिलकर अपराध मुक्त और शांति व सौहार्द पूर्ण इंदौर बनाने में सफल होंगे। उक्त विचार गांधी नगर थाना प्रभारी नीता देअरवाल ने स्थानीय रामकमल कॉलोनी में महिलाओं और बालिकाओं से संवाद कार्यक्रम में व्यक्त किये। इस अवसर पर क्षेत्र की महिलाओं ने थाना प्रभारी नीता देअरवाल को शाल और मोतियों की माला पहनाकर सम्मान से भी नवाज़ा। कम्युनिटी पुलिसिंग के तहत पहले तो टीआई मेडम ने कहा स्कूलों में नया सत्र शुरू हो गया है। इसलिए सभी को शिक्षा मिले इसके प्रयास करें ,लड़कियों की शिक्षा पर ज़ोर देते हुए उनको बेहतर तालीम दिलाने की बात कही।

लड़कियों को आत्मरक्षा की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा भी दी गई। इस संवाद कार्यक्रम में महिलाओं और बालिकाओं की रोज़मर्रा की समस्या को भी सुना।स्कूल-कॉलेज जाने वाली लड़कियों की सुरक्षा, घरेलू हिंसा व महिला अपराधों की रोकथाम के उपाय बताते हुए कहा चुप्पी ही अपराध को जन्म देती है। महिलाओं को अपने साथ होने वाले अपराधों के लिए आवाज उठानी चाहिए। कुछ भी गलत हो तो घबराएं नहीं और उसकी शिकायत तत्काल 100 नम्बर पर करें।शरारती तत्वों के फोटो खींच लें,हो सके तो उनके वाहन का नम्बर भी नोट कर लें। थाना प्रभारी ने अपना मोबाइल नम्बर भी सभी लड़कियों को दिया और कहा कोई समस्या हो तो सीधे संपर्क कर सकती हैं।

महिलाओं के साथ आये छोटे बच्चों ने पुलिस को लेकर ज़हन में उठने वाले सवाल टीआई नीता देअरवाल से पूछे। टीआई मेडम ने उसी मासूमियत से उन्हें जवाब देकर संतुष्ट किया तो तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंज उठा। जागरूक करने, पुलिस-प्रशासन और पब्लिक के बीच की दूरी कम करने के लिए थाना प्रभारी नीता देअरवाल ने  पहल की, जिसको सभी ने पसन्द किया। जिसका असर ये भी देखने को मिला कि बच्चों ने टीआई मेडम को गुलाब की कली दी।महिलाओं और बालिकाओं ने टीआई नीता देअरवाल के साथ बेझिझक सेल्फी भी ली।उन्होंने भी बच्चों के साथ फोटो खिंचवाए।खुशनुमा माहौल में संवाद कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।

Share:


Related Articles


Leave a Comment