स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारियों में जुटा भोपाल नगर निगम मैदानी अमले को मिला टारगेट, अधिकारी निभाएंगे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी
- सभी 19 जोन के एएचओ की समीक्षा बैठक में दिए निर्देश
खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल। स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की तैयारियों में नगर निगम जुट गया है। इसके लिए बुधवार को माता मंदिर हर्षवर्धन काम्पलेक्स स्थित नगर निगम मुख्यालय में सभी 19 जोन के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ अपर आयुक्त राजेश राठौड़ ने बैठक ली। बैठक में स्वच्छता सर्वेक्षण 2020 की गाईडलाईन का पालन करने के लिए प्रभारी एएचओ को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही उपस्थित अधिकारियों से सुझाव भी लिए गए। आयोजित बैठक के दौरान बायोमेट्रिक अटेंडेंस को लेकर आने वाली कठिनाई को दूर करने के लिए एप्प का उपयोग करने की सलाह दी गई, ताकि किसी भी कर्मचारी की अनुपस्थिति न रहे।
बुधवार को नगर निगम के अपर आयुक्त राजेश राठौड़ ने माता मंदिर हर्षवर्धन काम्पलेक्स स्थित नगर निगम मुख्यालय में सभी 19 जोन के प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शहर को डस्टबिन फ्री बनाया जाए, शहर में जहां-जहां कचरा कंटेनर रखे हैं, वहां ड्रम रखें और नियमित लगने वाली झाड़ू बाद एकत्रित होने वाले कचरे को बोरी में भरा जाए। वहीं कुछ जोन में बायोमेट्रिक अटेंडेंस के दौरान फिंगर प्रिंट नहीं आने पर निर्देशित किया कि एप्प पर रजिस्टे्रशन करवाएं। इसी प्रकार शहर में सीएण्डी वेस्ट कलेक्शन के चार सेंटर बनाए जा रहे हैं, जो आलमनगर, टीटी नगर, यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क और कोलार गेहूंखेड़ा में होंगे। गेहूंखेड़ा में कलेक्शन सेंटर बन चुका है और इसका प्लांट भानपुर में तैयार हो रहा है। अपर आयुक्त श्री राठौड़ ने उपस्थित प्रभारी एएचओ को निर्देशित किया कि अपने-अपने जोन क्षेत्र में पान ठेले वालों पर कार्यवाही करें और रोको-टोको अभियान के साथ ओडी पाईंट की जांच व गार्वेज वेस्ट पाईंट खत्म कर फोटो लेकर अवगत कराएं।