मंत्री श्री यादव ने 2 करोड़ 39 लाख से बनने वाले पुल का भूमि-पूजन किया


सागर जिले के ग्राम उदयपुर में सुनार नदी पर बनेगा पुल
 खबर नेशन / Khabar Nation
भोपाल :
कुटीर एवं ग्रामोद्योग तथा नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री हर्ष यादव ने आज सागर जिले के केसली तहसील के ग्राम उदयपुर (गुटौरी) में सुनार नदी पर प्रस्तावित पुल का भूमि-पूजन किया। दो करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस पुल का निर्माण म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण, परियोजना क्रियान्वयन इकाई क्रमांक-2 द्वारा किया जायेगा।

भूमि-पूजन कार्यक्रम में मंत्री श्री यादव ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। क्षेत्र के निवासियों द्वारा सुनार नदी पर पुल के निर्माण की माँग लम्बे समय से की जा रही थी। इसके मद्देनजर आज पुल के निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इस पुल के निर्माण से निकटवर्ती ग्रामों के लोगों को आवागमन में सुविधा होगी। श्री यादव ने कहा कि सुनार नदी पर बाँध बनाने के लिये भी सर्वे कार्य आरंभ किया जा रहा है।

मंत्री श्री यादव ने कहा कि सरकार जनता को दिये अपने वचनों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठा रही है। इसके चलते प्रदेश की जनता में सरकार के प्रति भरोसा बढ़ा है। श्री यादव ने कहा कि गेहूँ उपार्जन का बोनस 160 रुपये शीघ्र वितरित किया जायेगा। सरकार ने किसानों के हित में बिजली बिल आधा कर दिया है। उपभोक्ताओं को 100 रुपये में 100 यूनिट बिजली दी जा रही है। मंत्री श्री यादव ने निराश्रित गायों के लिये बनाई जा रही एक हजार गौ-शालाओं का उल्लेख भी किया।

श्री यादव ने कमल नाथ सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि यह क्षेत्र स्वतंत्रता के समय से अत्यंत पिछड़ा क्षेत्र था, किन्तु अब हमारा प्रयास होगा कि इस क्षेत्र में विकास की गंगा बहे और इसका भरपूर विकास हो और शीघ्र ही क्षेत्र विकसित क्षेत्र की श्रेणी में गिना जाये।

Share:


Related Articles


Leave a Comment