डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने कहा भाजपा सरकार ने अंबेडकर जी की स्मृतियों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया
मोदी सरकार ने विकास को जमीन पर उतारा : डॉ. सहस्त्रबुद्धे
खबर नेशन / Khabar Nation
राजगढ़ । श्री नरेंद्र मोदी जी 2014 में जब प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने सुशासन और विकास के ‘‘साथ सबका साथ-सबका विकास’’के मंत्र को आगे बढ़ाया। 2019 में पुनः जनता का विश्वास अर्जित कर श्री नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने तो ‘‘सबका साथ- सबका विकास के साथ सबका विश्वास’’ के मंत्र को साकार किया। 15 अगस्त को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इस मंत्र में सबका प्रयास को जोड़ा। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की यह सोच है कि विकास सिर्फ सरकारी प्रयास से संभव नहीं है, इसमें जनता की भागीदारी जरूरी है। जनता की भागीदारी के कारण विकास धरातल पर उतर सकता है। बीते 9 वर्षों में मोदी सरकार ने विकास और सुशासन को जमीन पर उतारा है। आज जनता इसे अनुभव कर रही है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद के अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्त्रबुद्धे ने रविवार को राजगढ़ में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए कही। डॉ विनय सहस्त्रबुद्धे मोदी सरकार के सफलतम 9 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी के विशेष संपर्क अभियान के अंतर्गत राजगढ़ लोकसभा के प्रवास पर थे।
केंद्र सरकार ने देशहित और जनहित में क्रांतिकारी निर्णय लिए
उन्होंने कहा कि पिछले 9 वर्षों में केंद्र सरकार ने देशहित और जनहित में क्रांतिकारी निर्णय लिए है। पूर्ववर्ती सरकारों ने जो गलतियां की उनका सुधार किया है। मोदी सरकार ने कश्मीर से धारा 370 हटाने का दमदार निर्णय लिया वही तीन तलाक का कानून बनाकर मुस्लिम बहनों को राहत दी है। एयर स्ट्राइक और सर्जिकल स्ट्राइक से आतंकवाद पर अंकुश लगा है वही मोदी जी के नेतृत्व में सांस्कृतिक अभ्युदय की शुरुआत हुई है। आज अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। उन्होंने कहा कि जहां तक वंचितों के विकास की बात है तो हमारे देश में वंचितों के विकास पर राजनीति हुई लेकिन किसी भी सरकार ने ठोस कदम नहीं उठायें। मोदी सरकार में मुद्रा योजना के माध्यम से छोटे और गरीब तबके के व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने का काम हो रहा है। अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के बच्चें मुख्यधारा से जुड़े इसके लिए एकलव्य विद्यालय खोले जा रहे हैं। मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने बाबा साहब अंबेडकर जी की स्मृतियों को पंच तीर्थ के रूप में विकसित किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जवाबदेही का वातावरण निर्मित किया
डॉ. सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि पहले की सरकारें अपने काम और नीतियों को लेकर जवाबदेही से बचती थी, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने अब देश में जवाबदेही का वातावरण निर्मित किया है। बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रचर के काम को लेकर केंद्र सरकार के प्रगति कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी स्वयं विकास कार्यों -परियोजना की समीक्षा तो करते ही है साथ ही जिस प्रदेश में परियोजना चल रही है वहां की सरकार और अधिकारियों से चर्चा करते हैं। राज्यों में चल रहीं केंद्र की विकास परियोजनाएं तय समय-सीमा में पूरी हो इस बात की भी चिंता प्रधानमंत्री जी करते है।
उपेक्षित वर्ग तक विकास पहुंचाकर उनका आत्मविश्वास बढ़ाया
डॉ सहस्त्रबुद्धे ने कहा कि सरकार की योजनायें पहले भी बनती थी लेकिन पात्र व्यक्तियों तक पहुंच नहीं पाती थी। पहले की सरकारों में इंदिरा आवास जैसी अनेक योजनाएं थी, लेकिन गरीब को इन योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। आज मोदी सरकार में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ हर गरीब तक पहुंचा है। सौभाग्य योजना, उज्जवला योजना, नल जल योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुकन्या समृद्धि योजना जैसी सारी योजनाओं का क्रियान्वयन नीचे तक हो रहा है। आज डीबीटी के माध्यम से सुपात्र लोगों योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि उपेक्षित वर्ग तक की चिंता मोदी सरकार ने की है। 9 वर्षों में पीड़ित, शोषित और उपेक्षित वर्ग तक सरकार की योजनाएं और विकास पहुंचा है जिससे इस वर्ग का आत्मविश्वास बढ़ा है।
राजगढ़ की जनता ने भाजपा को दिया आशीर्वाद
उन्होंने कहा कि राजगढ़ में ट्रिपल इंजन की सरकार है। केंद्र में मोदी जी, प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और यहाँ नगर सरकार भी भारतीय जनता पार्टी की है। यहां की जनता ने जनसंघ के समय कर्नाटक में जन्मे श्री जगन्नाथ राव जोशी जी को भी जिताया। जनता का प्रेम और आशीर्वाद भाजपा को लगातार मिला है। इस प्रेम और विश्वास को क्षेत्रीय सांसद श्री रोडमल नागर आगे बढ़ा रहे हैं।
पत्रकार-वार्ता में सांसद श्री रोडमल नागर, लोकसभा क्लस्टर प्रभारी श्री सुरेश आर्य, जिला प्रभारी श्री सुरेन्द्र शर्मा, जिलाध्यक्ष श्री ज्ञान सिंह गुर्जर, विधायक श्री कुंवर कोठार, पूर्व विधायक श्री रघुनंदन शर्मा, पं हरिचरण तिवारी, श्री अमर सिंह यादव, श्री प्रताप मण्डलोई, श्री मनोज हाड़ा उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999