भोपाल में अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद, ईदगाह में हजारों लोगों ने अदा की नमाज

राजधानी भोपाल में गुरुवार को ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार अकीदत और भाईचारे के साथ मनाया गया। सुबह से ही ईदगाह और शहर की बड़ी मस्जिदों में लोगों की भीड़ देखने को मिली। हजारों लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और तरक्की की दुआ मांगी।

भोपाल ईदगाह में शहरकाजी मुश्ताक अली नदवी ने नमाज पढ़ाई। नमाज के दौरान लोगों ने मुल्क की सलामती, भाईचारे और बीमार लोगों की शिफा के लिए दुआ की। इसके अलावा ताजुल मस्जिद, मोती मस्जिद, जामा मस्जिद, मस्जिद बिल्किस जहां और आरिफ नगर समेत कई मस्जिदों में भी तय समय पर नमाज अदा की गई।

शहरकाजी ने साफ-सफाई और नियमों का पालन करने की अपील की

ईद की नमाज के बाद शहरकाजी मुश्ताक अली नदवी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि कुर्बानी इस्लाम का अहम हिस्सा है, लेकिन इसे जिम्मेदारी और साफ-सफाई के साथ करना जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि कुर्बानी वाले स्थान को ढंककर रखें और प्रशासन के नियमों का पालन करें। उन्होंने यह भी कहा कि त्योहार का असली संदेश इंसानियत, त्याग और जरूरतमंदों की मदद करना है। इसी वजह से कई लोगों ने गरीबों और जरूरतमंदों को सदका और खैरात भी बांटी।

 बकरीद पर भोपाल में सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

बकरीद के मौके पर राजधानी भोपाल में सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। ईदगाह और मस्जिदों के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। एडिशनल डीसीपी शालिनी दीक्षित ने बताया कि जिला पुलिस के साथ केंद्रीय सुरक्षा बल की एक कंपनी भी तैनात की गई थी। ट्रैफिक व्यवस्था संभालने के लिए अलग टीम बनाई गई थी। वहीं कई जगहों पर वालंटियर्स भी लोगों की मदद करते नजर आए। सुरक्षा के लिए हाईराइज बिल्डिंगों पर जवान तैनात किए गए थे और ड्रोन कैमरों से भी लगातार नजर रखी जा रही थी।

नमाज के बाद लोगों ने दी एक-दूसरे को मुबारकबाद

नमाज खत्म होने के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। कई लोग कब्रिस्तानों में फातिहा पढ़ने भी पहुंचे। इसके साथ ही नगर निगम की ओर से शहर में कई जगह अस्थायी व्यवस्था की गई थी, जहां लोगों ने कुर्बानी की रस्म अदा की। भोपाल में इस बार बकरीद का त्योहार शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के माहौल में मनाया गया। त्योहार के दौरान लोगों में उत्साह और खुशी साफ देखने को मिली।

Share:

Next

भोपाल में अकीदत के साथ मनाई गई बकरीद, ईदगाह में हजारों लोगों ने अदा की नमाज


Related Articles


Leave a Comment