सर्व समाज कल्याण पार्टी के साथ आए दर्जन भर दल, सभी मिलकर उतारेंगे प्रत्याशी
खबरनेशन/ Khabarnation
भोपाल, 6 नवंबर। सर्व समाज कल्याण पार्टी के नेतृत्व में समान विचारधारा वाले सभी दलों ने बैठक कर पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। पत्रकार वार्ता में विधानसभा चुनावों में साथ मिलकर चुनाव लड़ने और प्रत्याशी उतारने की सर्वसम्मति से जानकारी दी गयी। वार्ता दिन के 2 बजे से सर्व समाज कल्याण पार्टी के शक्तिनगर स्थित प्रदेश कार्यालय पर संपन्न हुई।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सर्व समाज कल्याण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा ने कहा कि हम प्रदेश में सर्व समाज के हित वाला एक मजबूत और व्यापक
एकता का गठबंधन कायम करेंगे, जो लोकसभा चुनावों में भी साझीदार रहेगा। पूरे प्रदेश भर से तमाम छोटे और जिम्मेदार राजनीतिक करने वाले दलों से बेहद ही उत्साहजनक रिस्पॉन्स मिल रहा है। हमलोग प्रदेश की दर्जनों पार्टियों से संपर्क में है और आज—कल में ही आपको नए गठबंधन की सूचना मिलेगी।
ससकपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि करीब एक दर्जन से अधिक पार्टियों ने हमें लिखित में समर्थन दिया है, जिसमें आधा दर्जन प्रतिनिधि प्रेस वार्ता में भी मौजूद रहे। कल दोपहर तक हम सभी दलों के सर्वसम्मति से अपने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर देंगे। नए गठबंधन के नाम की घोषणा भी तभी कल दोपहर में होगी।
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेश की जनता दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों की गलत नीतियों के कारण मुश्किलों में जीवन काट रही है। दिनोंदिन प्रदेश की व्यवस्था चौतरफा चरमराती जा रही है। प्रदेश में न किसान चैन से है, न नौजवानों
को रोजगार मिल रहा है और न ही महिलाओं की कोई सुरक्षा है। दोनों ही दल एक—दूसरे पर हमले कर पूरे चुनाव को गैरराजनीतिक बनाने के प्रयास में हैं, जिससे जनता मूल मुद्दों से भटक जाए। पर सर्व समाज पार्टी और उसके सहयोगी दल ऐसा बिल्कुल नहीं होने देंगे, बल्कि दोनों ही राष्ट्रीय पार्टियों को हम मजबूर कर देंगे कि वह जनता के सवालों पर ही टीकी रहें और चुनाव मुद्दों के आधाार पर लड़े जाएं।
संपूर्ण समाज पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अनुराग पांडेय ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सनसनीखेज जानकारी दी कि संपूर्ण समाज पार्टी ने सपाक्स से नाता तोड़ लिया है। दोनों पार्टियों सपाक्स और संपूर्ण समाज पार्टी में होने जा रहा गठबंधन अब नहीं होगा। अनुराग पांडेय के अनुसार अब संपूर्ण समाज पार्टी, सर्व समाज कल्याण पार्टी के नेतृत्व में बन रहे नए गठबंधन का हिस्सा होगी।
बैठक में सर्व समाज कल्याण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय शर्मा, राष्ट्रव्यापी जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विपिन तिवारी, विश्व शक्ति पार्टी के प्रदेश संयोजक नर्वदेश्वर पाठक, संपूर्ण समाज पार्टी की ओर से राष्ट्रीय महासचिव अनुराग पांडेय और भारतीय पार्टी 'लोकतांत्रिक' के राष्ट्रीय संयोजक कुलदीप सक्सेना और जय लोक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृजेश गुप्ता शामिल रहे। इसके अलावा भारतीय जनयुग पार्टी और अनारक्षित समाज पार्टी ने अपनी ओर लिखित समर्थन भेजा है। पत्रकार वार्ता में सभी दलों ने सर्वसम्मति से मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति जाहिर की।
सभी दलों की ओर से जारी