संकट में छोड़ा साथ या फोर्स लीव ?
सी एम शिवराज के दो खास अफसर अचानक अवकाश पर
खबर नेशन / Khabar Nation
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के दो खास अफसरों के छुट्टी पर जाने की चर्चा से प्रशासनिक हलकों में घबराहट छा गई है। गौरतलब है कि इनमें से एक शिवराज के रिश्तेदार हैं और दूसरे मुख्यमंत्री पद पर शिवराज के पहले कार्यकाल से ही खासुलखास हैं। बाजार में चर्चा सरगर्म है कि दोनों अफसरों को चुनाव आयोग के कार्रवाई के कारण चुनाव तक के लिए फोर्स लीव पर जाने पर मजबूर होना पड़ा है ।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सचिवालय में पदस्थ प्रमुख सचिव एस के मिश्रा (श्री मिश्रा के पास जनसंपर्क विभाग की भी जबाबदारी है ) और जनसंपर्क संचालनालय में संचालक आषुतोष प्रताप सिंह ( आषुतोष प्रताप सिंह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के रिश्तेदार हैं , श्री सिंह भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी हैं ) इन दिनों अवकाश पर हैं । श्री मिश्रा के विरुद्ध मध्यप्रदेश चुनाव आयोग में शिकायत की गई थी। श्री मिश्रा की राजनैतिक स्वार्थो की पूर्ति किए जाने हेतु संविदा नियुक्ति दिए जाने का आरोप लगाते हुए हटाने की मांग की गई है। यह शिकायत 05/06/2018 को की गई थी । चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा भी एक शिकायत की गई, जिसमें मीडिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया गया । इस शिकायत में मुख्यमंत्री शिवराज के रिश्तेदार आषुतोष प्रताप सिंह पर भी इसी तरह के आरोप लगाए गए । कांग्रेस ने भी इन अधिकारियों को हटाने की मांग की है ।
जब इन शिकायतों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई तो प्रथम शिकायतकर्ता
गुरुशरण सिंह ने भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ओ पी रावत से शिकायत की तो उन्होंने तत्काल इस शिकायत पर कार्रवाई करने को लेकर मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग को कड़ी फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए ।
मध्यप्रदेश निर्वाचन आयोग ने इस निर्देश पर तत्काल संज्ञान लेते हुए सरकार से चर्चा की तो सरकार ने रास्ता निकालते हुए दोनों अफसरों को अवकाश पर जाने के मौखिक निर्देश दे दिए ।
जब इस मामले में मध्यप्रदेश के निर्वाचन आयुक्त वी.एल. कांताराव से चर्चा की तो उन्होंने कहा कि उक्त शिकायत पर मध्यप्रदेश सरकार से जानकारी चाही है । जानकारी आने के बाद कार्रवाई की जाएगी ।
जनसंपर्क संचालक आषुतोष प्रताप सिंह का कहना है कि उन्हें वायरल फीवर हो गया है । इसलिए वे छुट्टी पर हैं ।