सफाई ईश्वरीय कार्य, धर्मस्थलों के सफाई के कार्य में शहरवासी भी भाग लें : श्रीमती महाजन
खबरनेशन / Khabarnation
इंदौर। लोक सभा स्पीकर श्रीमती सुमित्रा महाजन अर्जेन्टीना से 5 नवंबर की सुबह 2 बजे दिल्ली पहुंचकर, दिल्ली एयरपोर्ट पर थोड़ी देर रूककर सीधे 5.30 बजे की इंडिगो की नियमित उड़ान से सुबह 7 बजे के लगभग इंदौर विमानतल पहुंचेंगी। श्रीमती महाजन ने शहरवासियों से इस स्वच्छता महाअभियान में मनपूर्वक भाग लेने का आव्हान करते हुए कहा है कि सफाई ईश्वरीय कार्य है, अपने घरों के साथ धर्मस्थलों की सफाई करना ईश्वर की आराधना है।
महानगर विकास परिषद के अध्यक्ष अशोक डागा व प्रचार प्रभारी रामस्वरूप मूंदड़ा ने बताया कि लोकसभा अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा महाजन ताईजी अर्जेंटीना में आयोजित तीन दिनों की G20 कांफ्रेंस से सीधे 18 घंटों की विमान यात्रा के बाद 3 तारीख़ की मध्य रात्रि को दुबई पहुंचेगी। ताईजी 4 नवंबर की शाम को दुबई में भारतीय दूतावास में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के बाद वहीं से दुबई विमानतल को प्रस्थान करेंगी तथा 5 नवम्बर की सुबह दिल्ली होते हुए सीधे इंदौर पहुंचेगी। इस महाभियान में भाग लेने के लिए ताई दिल्ली स्थित अपने निवास पर भी नहीं जाएगी।
आप इंदौर पहुंचकर विमानतल से सीधे महानगर विकास परिषद द्वारा उनकी पहल पर प्रारंभ किए धर्मस्थलों की सफाई कार्यक्रमों में भाग लेंगी। उल्लेखनीय है कि ताईजी ने इस अभियान की शुरूआत आज से 5 वर्ष पूर्व वर्ष 2014 को की थी। आपने बताया कि स्वच्छता महाभियान की शुरूआत धनतेरस 5 नवम्बर को प्रातः 9 बजे महालक्ष्मी मंदिर राजबाड़ा से होगी। इसके साथ ही पूरे शहर में 400 से अधिक धर्मस्थलों पर एक साथ यह अभियान प्रारम्भ हो जाएगा।