दरोगाओं को मिलेगी ई-बाईक
सफाई मित्रों का होगा सम्मान
- गांधी जी ने देश को आजादी दिलाई, हमें गंदगी से आजादी दिलाना है: राठौड़
- दो अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों के लिए ली बैठक
भोपाल। गांधी जी की 150वीं जयंती के अवसर पर शहर के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। जिसको लेकर सोमवार को नगर निगम मुख्यालय में सभी 19 जोन के जोनल अधिकारी और प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक अपर आयुक्त स्वास्थ्य राजेश राठौड़ ने ली। बैठक के दौरान सभी 19 जोन के जिम्मेदारों को बताया गया कि गांधी जी ने देश को आजादी दिलाई। लेकिन हमारा काम गंदगी से आजादी दिलाना है। इसी संकल्प के साथ हमारी मैदानी टीमें काम करेंगी।
दो अक्टूबर को आयोजित होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में अपर आयुक्त राजेश राठौड़, डिप्टी कमिश्नर विनोद शुक्ला, संध्या चतुर्वेदी ने सभी 19 जोन के जोनल अधिकारी और प्रभारी सहायक स्वास्थ्य अधिकारियों को विस्तृत जानकारी दी। लाल परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम आयोजित होगा। जबकि पूरे शहर में सफाई अभियान के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कमलनाथ शामिल होंगे, जहां नगर निगम के सभी सफाई मित्रों को सम्मनित किया जाएगा। वहीं निगम के दरोगाओं को ई-बाईक दी जाएगी। इसी प्रकार सफाई मित्रों और अतिक्रमण दल को टी-शर्ट दी जाएंगी। बैठक के दौरान डिप्टी कमिश्नर विनोद शुक्ल ने कहा कि भंडारे में प्लास्टिक और डिस्पोजल का उपयोग रोकना है। दुर्गा उत्सव समितियों के पदाधिकारियों से इसके लिए चर्चा करें। सभी जोनल अधिकारियों और एएचओ ने आश्वस्त करते हुए कहा कि सभी समितियों से चर्चा कर पॉलीथिन फ्री पंडाल बनाने का संकल्प दिलाया जाएगा।