प्रियंका बताएं, कांग्रेस की सरकारों ने किस राज्य में पूरे किए हैं अपने चुनावी वादे : डॉ. भोला सिंह

उ.प्र. से सांसद ने पत्रकार वार्ता में कहा- चुनाव के समय ही कांग्रेस को याद आते हैं धर्म-संस्कृति
खबर नेशन/ Khabar Nation
मंडला। कांग्रेस 63 सालों तक देश में जातिवाद, परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है। कांग्रेस हमेशा जनता को गुमराह करती है और चुनाव के समय में ही उसके नेताओं को धर्म और संस्कृति की याद आती है। प्रियंका गांधी को कोई भी वादा करने से पहले जनता को यह बताना चाहिए कि क्या किसी भी कांग्रेस शासित राज्य में उनकी सरकार ने अपने चुनावी वादे पूरे किए हैं? प्रियंका गांधी पहले यह बतायें कि रायबरेली और अमेठी में उनके परिवार के लोगों ने कितना विकास किया है? भाजपा की सरकार आने के बाद आज मध्यप्रदेश विकास की दृष्टि में अन्य राज्यों से काफी आगे है। इसलिए यहां की जनता कांग्रेस के मायाजाल में फंसने वाली नहीं है और मध्यप्रदेश में फिर से पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी। यह बात अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तरप्रदेश से सांसद डॉ. भोला सिंह ने मंगलवार को मंडला में विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।
मोदी सरकार के 9 सालों ने नागरिकों में जगाया आत्मविश्वास
सांसद डॉ. भोला सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार का 9 वर्षों का कार्यकाल सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित रहा है। मोदी सरकार के इन 9 सालों ने प्रत्येक भारतीय नागरिक को आत्म विश्वास और गौरव से भर दिया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जिस तरह के काम किए हैं और जिस तरह दुनिया में अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया है, उससे सारी दुनिया का भारत को देखने का नजरिया बदला है। डॉ. भोला सिंह ने कहा कि मोदी सरकार की रणनीति और कुशल नेतृत्व क्षमता के कारण ही कश्मीर से धारा 370 हटाई गई। आतंकवाद के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राईक हुई। बीते 9 सालों में देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं और देश की सेनाएं सशक्त हुई हैं। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार ने भ्रष्टाचार समाप्त कर गरीबों के खाते में सीधे सरकार की योजनाओं का पैसा पहुंचाना संभव कर दिखाया है। सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास का संकल्प आज जमींन पर साकार होता दिखाई दे रहा है। गांव, गरीब, पिछड़े, आदिवासी, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और किसानों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए केंद्र की भाजपा सरकार ने ऐतिहासिक कदम उठाए हैं।
मंडला क्षेत्र का हो रहा निरंतर विकास
सांसद डॉ. भोला सिंह ने मंडला क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की चर्चा करते हुए कहा कि बीते 9 सालों में मण्डला लोकसभा क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति, नेरोगेज से ब्रॉडगेज रेललाईन बनाने के साथ-साथ यात्रियों के लिए नई रेल सेवायें प्रारंभ की गयी हैं। पूरे संसदीय क्षेत्र में सिंचाई की नई परियोजनाएं पिछले 9 वर्ष में स्वीकृत कर उनका निर्माण पूर्ण किया जा रहा है। नये कॉलेज, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, एकलव्य विद्यालय, सीएम राईज जैसी शैक्षिणक संस्थाएं जनजातीय क्षेत्र में खोली जा रही हैं। संपूर्ण लोकसभा क्षेत्र में 90 प्रतिशत गांव प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना से जोड़े गये हैं, विद्युतीकरण का कार्य पूरा कर लिया गया है। जलजीवन मिशन का कार्य तेज गति के साथ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्जवला योजना, आयुष्मान कार्ड शौचालयों का निर्माण कर लाखों हितग्राहियों को लाभांन्वित किया है। मध्यप्रदेश सरकार ने लाड़ली बहना योजना के माध्यम से मातृशक्तियों के बैंक खाते में सीधे प्रतिमाह 1 हजार रूपये भेजने की व्यवस्था की है। गरीब कल्याण की विभिन्न योजनाओं के साथ मुफ्त अनाज पूरे लोकसभा क्षेत्र में निरंतर बांटा जा रहा है।
सांस्कृतिक विरासत को मिला सम्मान
सांसद डॉ. भोला सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार की नीतियों के कारण बीते 9 वर्षों में भारत नारी शक्ति को संबल देने वाला, युवाओं के सपनों को साकार करने वाला, किसानों की आय को बढ़ाने वाला देश बन गया है। आज देश के विकास में गति है, शक्ति है, सुरक्षा और संयम भी हैं। मोदी सरकार ने बीते 9 वर्षों में देश की सांस्कृतिक विरासत को सम्मान दिया है। अयोध्या मे राममंदिर निर्माण, उज्जैन में महाकाल महालोक, वाराणसी में काशी विश्वनाथ कारीडोर जैसी परियोजनाओं से मोदी सरकार ने करोड़ों देशवासियों की भावना का सम्मान किया है।
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश मंत्री श्री आशीष दुबे, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री भीष्म द्विवेदी, विधायक श्री देवसिंह सैयाम, पूर्व सांसद श्रीमती संपतिया उइके, श्रीमती अश्विनी परांजपे, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री प्रशांत तिवारी, जिला मीडिया प्रभारी सुधीर कसार आदि उपस्थित रहे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999