अच्छी खबर: हेल्थ के सफाई मित्रों के बनेंगे यूनिक आईडी कार्ड
इस कार्ड से निगम क्लीनिक में मिलेगी सुविधा और लो-फ्लोर बस में रियाअती टिकिट में भी काम आएगा
खबर नेशन /Khabar Nation
भोपाल।
-नगर निगम प्रशासन जल्द ही सभी सफाई मित्रों के एेसे यूनिक आईडी कार्ड बनाने जा रहा है, जिसको न केवल बसों में यात्रा करने के दौरान उपयोग कर सकेंगे, बल्कि निगम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की तरह निगम चिकित्सालय में चिकित्सा सेवा भी ले सकेंगे। कार्ड में और क्या-क्या सुविधाएं बढ़ाई जा सकती हैं, इसको लेकर प्लानिंग चल रही है। सबकुछ ठीक रहा तो अगले महीने से कार्ड बनाने का काम शुरू हो जाएगा।
गौरतलब है कि नगर निगम में लंबे समय से सेवाएं दे रहे दैनिक वैतन भोग कर्मचारियों को नियमित-विनियमित कर्मचारियों की तरह सुविधाएं नहीं मिल पाती। कई बार शासन के नियमों के चक्कर में निगम भी चाहकर एेसे कर्मचारियों को सुविधाएं उपलब्ध कराने में असमर्थ रहता है। लेकिन अब एेसा नहीं होगा। नगर निगम आयुक्त बी विजय दत्ता ने शहर के सभी सफाई मित्रों के लिए यूनिक आईडी कार्ड बनाने के लिए अधिकारियों को प्लानिंग करने के निर्देश दिए हैं। यह एेसा आईडी कार्ड होगा, जिससे निगम के सफाई मित्रों की अलग पहचान बनेगी, उन्हें अन्य कर्मचारियों की तरह ही निगम की सुविधाएं उपलब्ध होंगीं। जैसे सिटी बसों में रियाअती पास या टिकिट में सुविधा। इसके अलावा फतेहगढ़ स्थित नगर निगम के चिकित्सालय में अधिकारियों और कर्मचारियों को ही स्वास्थ्य सेवाएं मिलती थीं, लेकिन अब यूनिक आईडी कार्ड बनने के बाद सफाई मित्रों को भी यहां सुविधाएं मिलेंगी। इसकी कार्ययोजना पर काम शुरू हो गया है।
7 हजार कर्मचारियों को होगा लाभ
नगर निगम के सभी 19 जोन सहित 85 वार्डों में करीब 7 हजार से अधिक सफाई मित्र हैं। यह दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी हैं, जो लंबे समय से 25 दिवसीय के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। शासन की गाईडलाइन के मुताबिक इन कर्मचारियों को कई सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं, लेकिन नगर निगम भोपाल प्रदेश का पहला नगर निगम होगा, जहां सफाई मित्रों को यूनिक आईडी कार्ड दिए जाएंगे, जिससे वह भी दूसरे कर्मचारियों की तरह सुविधाएं ले सकें। फिलहाल इस कार्ययोजना पर काम चल रहा है। नगर निगम आयुक्त बी विजय दत्ता ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस कार्ड में और क्या-क्या सुविधाएं बढ़ाई जा सकती हैं, जिससे कर्मचारियों को लाभ हो सके।