मंडला जिले के छात्रों ने 20 पदक हासिल कर रिकार्ड बनाया : राजोरिया
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी प्रदेश सरकार की ग्रामोन्मुखी नीतियों ने गांवों की तस्वीर बदल दी है। मध्यप्रदेश सरकार की खेल नीति में ग्रामीण खेल को प्राथमिकता देकर हर पंचायत में खेल मैदान के लिए जमीन और ढ़ाई लाख रूपए का बजट मंजूर किया है। प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों में स्टेडियम बनाया गया है। इसी का नतीजा है कि मंडला जिले के छोटे से गांव उदयपुर के स्कूली छात्रों ने राज्य स्तरीय तलवारबाजी प्रतियोगिता में 20 पदक हासिल कर नया रिकार्ड बनाया है।
खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विशाल राजोरिया ने बताया कि भोपाल में संपन्न राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में मंडला जिले के उदयपुर सरकारी उच्चतर माध्यमिक शाला के छात्रों ने तलवारबाजी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उदयपुर की शाला के छात्र प्रतियोगिता में भाग लेने भोपाल आए। इससे साबित होता है कि आदिवासी बहुल क्षेत्रों में खेल प्रतिभा अद्वितीय है जिसे अवसर जुटाना है। यह कार्य मध्यप्रदेश के खेल संचालनालय विभाग ने किया है। मंडला के इन छात्रों ने जहां पहली बार रेल यात्रा की वही स्टेडियम में खेलना भी रोमांचकारी था। राजोरिया ने उदयपुर से खेल प्रतियोगिता में भाग लेने आए खिलाड़ियों को बधाई दी है।