इंदौर जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) का कार्य तेज गति से जारी-निर्धारित समय से पूर्व होगा लक्ष्य पूर्ण
भारत निर्वाचन आयोग के सचिव ने की इंदौर जिले में हो रहे कार्यों की सराहना की
Khabar Nation
इन्दौर
भारत निर्वाचन आयोग के सचिव श्री विनोद कुमार ने इंदौर जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि इंदौर में यह अभियान पूर्ण पारदर्शिता, टीम भावना, गुणवत्तापूर्ण कार्यप्रणाली तथा तकनीक के प्रभावी उपयोग के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि इसी गति से कार्य जारी रहा तो इंदौर जिला अपने निर्धारित लक्ष्य को समय सीमा के भीतर अवश्य प्राप्त कर लेगा।
श्री विनोद कुमार आज कलेक्टर कार्यालय इंदौर में आयोजित समीक्षा बैठक में विधानसभा-वार प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इंदौर में किए जा रहे नवाचार अन्य जिलों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। बैठक में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवजीवन विजय पवार, सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी तथा संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत श्रीवास्तव सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
सचिव श्री विनोद कुमार ने बूथ लेवल अधिकारियों और सुपरवाइजर से भी सीधी बातचीत की। उनसे क्षेत्रवार प्रगति, अनुभव और समस्याओं की जानकारी ली तथा समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक विधानसभा क्षेत्र के सफल नवाचारों को अन्य क्षेत्रों में भी अपनाया जाए, जिससे अभियान और अधिक प्रभावी हो सके।
उन्होंने बताया कि पिछली बैठक में प्रगति अपेक्षाकृत कम दिखाई दे रही थी, लेकिन अल्प समय में इंदौर ने जिस गति और गुणवत्ता के साथ कार्य किया है, वह वाकई प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि इतना बेहतर परिणाम मिलेगा, यह विश्वास नहीं था। इंदौर जिले में उत्कृष्ट प्रगति दिखाई दे रही है।
उन्होंने अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूर्ति के लिए अधिकतम प्रयास करने के निर्देश भी दिए। सचिव श्री विनोद कुमार ने कहा कि मतदाता सूची पुनरीक्षण लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए इसे गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ पूर्ण किया जाना आवश्यक है।
बैठक में अपर कलेक्टर तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवजीवन विजय पवार ने मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने इंदौर जिले में किए जा रहे नवाचारों के बारे में भी बताया। आयोग के सचिव श्री विनोद कुमार ने नवाचारों की सराहना की और अनुकरणीय बताया।
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 28 लाख 67 हजार 294 मतदाता है, इनमें से 20 लाख 13 हजार 850 मतदाताओं की जानकारी डिजिटाइजेशन हो गई है। इस तरह जिले में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य 70 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो गया है। तेज गति से कार्य जारी है। लक्ष्य निर्धारित समय के पूर्व पूर्ण हो जाएगा। बताया गया कि जिले में विधानसभा क्षेत्र देपालपुर में 82.35 प्रतिशत, इंदौर-1 में 63.37 प्रतिशत, इंदौर-2 में 60.82 प्रतिशत, इंदौर-3 में 67.76 प्रतिशत, इंदौर-4 में 64.34 प्रतिशत, इंदौर-5 में 62.99 प्रतिशत, महू में 81.64 प्रतिशत, राऊ में 65.95 तथा सांवेर में लगभग शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है।