स्वच्छता दीदी एक अभिभावक की तरह स्वच्छता का पाठ पढाती है
निगमायुक्त द्वारा सफाई मित्र दीदी के साथ संवाद
Khabar Nation
इन्दौर
नगर निगम आयुक्त श्री दिलीप कुमार यादव की उपस्थिति में सफाई मित्र दीदी के साथ रविन्द्र नाटय गृह में संवाद कार्यक्रम रखा गया। इस अवसर पर अपर आयुक्त श्री रोहित सिसोनिया, स्वास्थ्य अधिकारी, बडी संख्या में सफाई मित्र दीदी उपस्थित थी। इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन की ओर से स्वच्छता दीदी को प्रजेंटेशन के माध्यम से से सफाई के संबंध में जानकारी दी गई।
आयुक्त श्री यादव ने सफाई मित्र स्वच्छता दीदी के साथ स्वच्छता संवाद कार्यक्रम में कहा कि इंदौर स्वच्छता में लगातार सिरमौर स्वच्छ शहर है, इंदौर हमारे सफाई मित्र की मेहनत और लगन की वजह से फेमस है, पूरे शहर में सफाई मित्रों की अपनी एक अलग पहचान व महत्वपूर्ण स्थान है, आप सभी निगम परिवार के सदस्य हो, मैं आप सभी के सहयोग के लिए सदैव खडा रहूंगा। उन्होंने कहा कि इंदौर शहर में सफाई व्यवस्था की जब बात होती है तो आप सभी सफाई दीदी की जिम्मेदारी एक अभिभावक की तरह होती है, जिस प्रकार से एक अभिभावक अपने बच्चों को अच्छे संस्कार सिखाते है उसी प्रकार से आप सभी भी शहर के नागरिकों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाते हैं, उन्हें स्वच्छता का संस्कार सिखाते है।
इस दौरान आयुक्त श्री यादव ने स्वच्छता दीदी से कहा कि आप सभी अपनी बिट में सफाई कार्य के दौरान नागरिकों से चर्चा करें और उन्हें स्वच्छता के लिए जागरूक भी करें, साथ ही आप अपनी निर्धारित बिट के साथ में स्थित उद्यानों में अगर स्वच्छता व्यवस्था ठीक नही हैं तो उसकी संबंधित अधिकारी को जानकारी भी दें क्योंकि यह शहर हम सभी का है। उन्होंने कहा कि आपके बिना इंदौर शहर का नाम स्वच्छता में नही हो सकता है, इंदौर स्वच्छता में नंबर वन है, फिर भी स्वच्छता में हमेशा स्कोप बना रहता है, आप अपनी बिट को नीट और क्लीन रखने के साथ ही उस बिट को सुंदर व आकर्षक बनाने के लिए कार्य करे, क्योंकि वह बिट आपका घर है आपका कार्य स्थल है।
आयुक्त श्री यादव ने कहा कि शहर में स्वच्छता को धूमिल करने वालों के विरूद्ध चालानी कार्यवाही करना अच्छा नहीं लगता, हमारा प्रयास रहता है कि हमें उन्हें स्वच्छता के प्रति जागरूक करें, एक बार दो बार उसके बाद भी अगर सुधार नही होता है तो चालानी कार्यवाही करना आवश्यक हो जाती है। स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई ।