तथ्यात्मक जानकारी के साथ अफवाहों का खंडन करें सोशल मीडिया प्रतिनिधि: नेताम

खबरनेशन/Khabarnation  अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने ली सोशल
मीडिया प्रतिनिधि, अजजा मोर्चा पदाधिकारियों की बैठक

                भोपाल। सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का खंडन जरूरी है, वरना ये अफवाहें जनमानस को नकारात्मक दिशा में मोड़ सकती हैं। इसलिए सोशल मीडिया प्रतिनिधि ऐसी अफवाहों का तत्काल, तथ्यात्मक जानकारी के साथ खंडन करें। यह बात सोमवार को भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में आयोजित अनुसूचित जनजाति मोर्चा पदाधिकारियों और सोशल मीडिया प्रतिनिधियों के बैठक में कही। बैठक में प्रदेश के सभी जिलों से आए प्रतिनिधि शामिल थे।

                अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम के मुख्य आतिथ्य में मोर्चा पदाधिकारियों एवं सोशल मीडिया प्रतिनिधियों का बैठक आयोजित की गयी। कार्यक्रम की शुरुआत में मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गजेंद्र पटेल ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर वाट्सएप ग्रुप बनाने और युवाओं को इससे जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया।

                मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में कहा कि सोशल मीडिया की ताकत दिनों दिन बढ़ती जा रही है। अब तो चुनाव भी सोशल मीडिया की ताकत से जीते जाने लगे हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे एक तरफ केंद्र और प्रदेश की सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं का सोशल मीडिया पर प्रसार करें, वहीं दूसरी तरफ विपक्ष की कमियों को भी सोशल मीडिया पर उजागर करें। उन्होंने प्रदेश में सोशल मीडिया सेल की गतिविधियों एवं विस्तार की जानकारी ली। नेताम ने अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिला प्रतिनिधियों से कहा कि सिर्फ पोस्टरवार के दम पर कोई नेता नहीं बन सकता। इसके लिए जनता के बीच जाना, उनकी लड़ाई लड़ना और उनकी परेशानियों में भागीदार बनना जरूरी है।

                पार्टी के प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि बूथ स्तर पर महिलाओं एवं युवाओं की भागीदारी बढ़ाने की जरूरत बताते हुए हर बूथ पर कम से कम पांच-पांच महिलाओं को मोर्चे से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने मोर्चा प्रतिनिधियों से कहा कि अपने-अपने क्षेत्रों में आदिवासी समुदाय के महापुरुषों से संबंधित कार्यक्रम आयोजित करें।

                कार्यक्रम में उपस्थित उदयपुर से लोकसभा सांसद एवं अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री अर्जुन मीणा ने कहा कि हमारे संगठन महामंत्री रामलालजी का नारा है-बूथ जीता, चुनाव जीता। उन्होंने मोर्चा पदाधिकारियों से कहा कि इस नारे को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर की मजबूती के लिए प्रयास करें। उन्होंने मध्यप्रदेश में मोर्चा के संगठन को आदर्श बताते हुए कहा कि चुनावों में टिकट जिसे भी मिले, हमारा उम्मीदवार कमल का फूल है। कमल के फूल को जिताने के लिए मोर्चा कार्यकर्ता समन्वयपूर्वक काम करें। बैठक में मध्यप्रदेश आदिवासी वित्त विकास निगम के अध्यक्ष शिवराज शाह, स्वच्छ भारत अभियान के राष्ट्रीय संयोजक  यशवंत दरबार, विधायक निर्मला भूरिया आदि उपस्थित थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment