देर रात में अति-वृष्टि प्रभावित क्षेत्रों में पहुँचे: सारंग

खबरनेशन/khabarnation राहत और बचाव कार्यों के साथ-साथ भोजन के पैकेट वितरित करवाए
 
भोपाल : सहकारिता, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विश्वास सारंग सोमवार-मंगलवार की रात्रि में हुई भारी वर्षा से क्षेत्र में जल-भराव की जानकारी मिलने पर स्वयं प्रभावित क्षेत्र में पहुँचे। सारंग रात 2 बजे निचली बस्तियों में जल-भराव वाले क्षेत्रों में दो-पहिया वाहन (बाइक) पर सवार होकर लगातार नागरिकों से मिलते रहे और अधिकारियों को जल-निकासी और प्रभावित परिवारों को भरपूर मदद के निर्देश देते रहे।

जहाँ-जहाँ भी जल-भराव की स्थिति बनी, वहाँ-वहाँ राज्य मंत्री सारंग ने पहुँचकर अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों के साथ प्रभावित परिवारों को राहत पहुँचाई। बरसते पानी में जल-भराव वाले क्षेत्रों में लगातार नागरिकों के साथ भ्रमण करते रहे। सारंग महामाई का बाग, सेमरा, द्वारका नगर, सांईराम कॉलोनी सहित अशोका गार्डन की बस्तियों में अति-वृष्टि से जल-भराव की स्थिति में पहुँचे और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करवाया। जल-भराव के चलते प्रभावित परिवारों को परेशानी न हो, इसके लिये मंत्री सारंग ने सुबह से भोजन के पैकेट्स भी वितरित करवाये। मंत्री सारंग ने स्वयं भी खिचड़ी और ब्रेड के पैकेट्स वितरित किये। अति-वृष्टि से बने प्रतिकूल हालातों का निरीक्षण करते समय श्री सारंग ने मंगलवार सुबह 10 हजार पैकेट्स की व्यवस्था करवाई, ताकि अति-वृष्टि से प्रभावित परिवारों को कठिनाई नहीं हो।

राज्य मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि मैदानी अमले के साथ लगातार क्षेत्र में रहें। जहाँ कहीं भी जल-भराव की स्थिति बनती है, वहाँ से जल-निकासी करवायें और प्रभावित परिवारों को राहत पहुँचायें। सारंग ने कहा कि अचानक अधिक मात्रा में वर्षा होने से सोमवार-मंगलवार की दरम्यानी रात में निचले क्षेत्रों में जल-भराव की स्थिति बनी है। उन्होंने कहा कि इन क्षेत्रों में भी नालियों के बन जाने से स्थिति बहुत ज्यादा खराब नहीं हुई। जहाँ-जहाँ जल-भराव हुआ, वहाँ से जल-निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करवाई गई। मंत्री सारंग के साथ स्थानीय कार्यकर्ता, नागरिक और अधिकारी थे।

Share:


Related Articles


Leave a Comment