रेशम केन्द्र गौशाला का अपशिष्ट खेतों को करेगा उपजाऊ: जल संसाधन मंत्री श्री सिलावट
Khabar Nation
इन्दौर
प्रदेश के जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने कहा कि सांवेर के ग्राम खजुरिया में रेशम केन्द्र पर नगर निगम इन्दौर द्वारा संचालित गौशाला संचालित है। इस गौशाला में गौवंश के गोमूत्र व अन्य अपशिष्ट किसानों के खेतों को उपजाऊ बनाने का निर्णय लिया है। अभी गौशाला में एकत्रित गौवंश के अपशिष्ट पदार्थ को तालाब में डाला जा रहा था। इस कारण खजुरिया , मांगलिया अर्निया, अजनोटी, बदरखां, यशवंत सागर क्षेत्र के आसपास के सभी ट्यूबवेल व नलकूप के जल को दूषित कर रहा है। साथ ही क्षेत्र में गंदगी एवं बीमारी फैल रही। ग्राम खजुरिया, मांगलिया अर्निया, अजनोटी, बदरखां, यशवंत सागर के ग्रामीणों द्वारा इस समस्या के निराकरण की मांग की गई। इस पर मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट ने इस समस्या के त्वरित निराकरण के लिए नगर निगम महापौर से चर्चा कर पार्षद श्री योगेश गेंदर व एक प्रतिनिधि मंडल को महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव से उनके निवास पर चर्चा हेतु भेजा। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने ग्राम खजुरिया, मांगलिया अर्निया, अजनोटी, बदरखां, यशवंत सागर के सभी ग्रामीणों से भेंटकर गौशाला संचालकों से चर्चा कर रेशम केन्द्र गौशाला का पूरा गोबर तालाबों, कांकड़ों एवं अन्य स्थानों पर न डाल कर समीप के गांव के किसानों के खेतों में डाले जाने के लिए निर्देश दिये।