“सुमन सखी चैटबॉट” से गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को मिलेगी सेहत का ख्याल रखने की जानकारी

Khabar Nation

इन्दौर

स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार के उद्देश्य से मध्यप्रदेश में आरंभ की गई एआई आधारित चैटबॉट सेवा से मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुधार में मदद मिलेगी।  अब गर्भवती महिलाएँ गर्भावस्था के दौरान तथा प्रसव के बाद अपनी स्वास्थ्य संबंधी शंकाओं का समाधान घर बैठे ही “सुमन सखी चैटबॉट” से प्राप्त कर सकेंगी। इस सेवा के माध्यम से महिलाओं को स्वास्थ्य केंद्र जाने या एनएचएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की राह देखने की आवश्यकता नहीं होगी। चैटबॉट तत्काल आवश्यक सलाह और जानकारी प्रदान करेगा।

      मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि चैटबॉट में गर्भावस्था और मातृ स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न विषयों पर सामग्री विकसित की गई है। यह चैटबॉट 24 घंटे सक्रिय रहेगा और महिलाओं को प्रसव पूर्व देखभाल, उच्च जोखिम गर्भस्थ स्थितियों के बारे में जानकारी देगा। इस चैटबॉट को एनएचएम मध्यप्रदेश ने राज्य इलेक्ट्रानिक्स विकास निगम के सहयोग से विकसित किया है। यह चौबीसों घंटे हिन्दी में काम करेगा।

यह चैटबॉट महिलाओं को सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी देगा। इसे मातृ स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक सशक्त मार्गदर्शक उपकरण के रूप में विकसित किया गया है। यह स्वास्थ्य योजनाओं और गर्भावस्था संबंधी देखभाल के बारे में मार्गदर्शन की जरूरत वाली महिलाओं के लिए एक सहायता प्रणाली के रूप में काम करेगा।

व्हाट्सएप पर भी उपलब्ध होगी सेवा

      “सुमन सखी चैटबॉट” व्हाट्सएप पर भी उपलब्ध होगा। पहले चरण में यह मातृ स्वास्थ्य, गर्भावस्था एवं प्रसव से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देगा। अगले चरणों में महिलाओं के लिए अन्य स्वास्थ्य और सामाजिक कल्याण विषयक जानकारियाँ भी जोड़ी जाएंगी, ताकि यह चैटबॉट एक व्यापक संवाद मंच के रूप में कार्य कर सके।

इस तरह जुड़ सकेंगी महिलाएँ

      महिलाएँ गर्भावस्था (एएनसी) के दौरान खानपान, स्वास्थ्य देखभाल या किसी अन्य समस्या से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के लिए व्हाट्सएप नंबर 9770905942 पर “हिंदी में संदेश” भेज सकती हैं। इसके बाद चैटबॉट तत्काल आवश्यक जानकारी या मार्गदर्शन प्रदान करेगा। यह पहल प्रदेश की महिलाओं के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार की दिशा में प्रगति होगी।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment