मार्शल आर्ट खिलाड़ियों को जल्द मिलेगा इण्डोर मल्टी पर्पज हॉल
खेल मंत्री सिंधिया ने किया भूमि-पूजन
भोपाल। मध्यप्रदेश के मार्शल आर्ट (जूडो, ताइक्वांडो, बॉक्सिंग, कराते, फेन्सिंग, वुशू और कुश्ती) खिलाड़ियों को जल्द ही तात्या टोपे खेल परिसर में सर्व-सुविधायुक्त इण्डोर मल्टीपर्पज हॉल उपलब्ध होगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने आज परिसर में 17 करोड़ 21 लाख की लागत से बनने वाले इस हॉल का भूमि-पूजन किया।
खेल मंत्री सिंधिया ने बतायाकि मार्शल आर्ट मल्टीपर्पज इण्डोर हॉल की कुल राशि मे से 8 करोड़ रूपये केन्द्रीय सहायता तथा शेष 9 करोड़ 21 लाख का व्यय राज्य शासन द्वारा किया जायेगा। सिंधिया ने कहा कि मार्शल आर्ट अकादमी के खिलाड़ीयों राष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन उपलब्धि हासिल कर रहे हैं। उन्हें अन्तराष्ट्रीय स्तर की प्रशिक्षण सुविधा के लिए इस हॉल का निर्माण किया जा रहा हैं। इस अवसर पर संचालक खेल एवं युवा कल्याण उपेन्द्र जैन, संयुक्त संचालक बालू यादव, विनोद प्रधान तथा बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित थे।
निर्माण कार्य का निरीक्षण
मंत्री सिंधिया ने मध्यप्रदेश शूटिंग अकादमी में निर्माणाधीन 50 मीटर शूटिंग रेंज का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों को पूरी गुणवत्ता और समय-सीमा में पूरा करने को कहा। (खबरनेशन / Khabarnation)