मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर के निधन पर किया दुख व्यक्त
Khabar Nation
भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्री हेमंत सोनी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से श्री सोनी की आत्मा की शांति और उनके शोकाकुल परिजन को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस दुर्घटना से दुखी सोनी परिवार के साथ खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि गत 16 अक्टूबर को उत्तराखंड यात्रा के दौरान ऋषिकेश में सेतु से गंगा नदी में गिर जाने के कारण श्री हेमंत सोनी लापता थे। एसडीआरएफ द्वारा उनकी खोजबीन की जा रही थी। ऋषिकेश में सेतु से करीब 15 किलोमीटर आगे चिल्ला बांध के पास श्री सोनी का शव मिला है। अंत्येष्टि के लिए युवक की पार्थिव देह गृहनगर लाई जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी से दूरभाष पर चर्चा कर मध्यप्रदेश निवासी सॉफ्टवेयर इंजीनियर श्री सोनी की तलाश के लिए आग्रह किया था।