चना, मसूर, सरसों खरीदी केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण करें

मुख्यमंत्री चौहान द्वारा रबी उपार्जन कार्य की समीक्षा 

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चना, मसूर और सरसों के समर्थन मूल्य खरीदी केन्द्रों का युक्तियुक्तकरण करने के निर्देश दिये हैं। उन्होंने कहा कि समर्थन मूल्य पर बिक्री के लिए पंजीकृत किसानों की संख्या के आधार पर खरीदी केन्द्रों की आवश्यकता का चिन्हांकन कर खरीदी केन्द्रों का निर्धारण किया जाये। चौहान मंत्रालय में रबी-2018 की फसल उपार्जन व्यवस्था की समीक्षा कर रहे थे। बैठक में वित्त मंत्री जयंत मलैया, किसान कल्याण और कृषि विकास मंत्री गौरीशंकर बिसेन और मुख्य सचिव बी.पी. सिंह भी मौजूद थे।

चना, मसूर, सरसों उपार्जन

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि किसान चना, मसूर और सरसों की गुणवत्तापूर्ण फसलें खरीदी केन्द्रों पर लायें। इस संबंध में उनको सूचित और शिक्षित किया जाये। फसलों की उत्पादकता का निर्धारण स्थानीय और व्यवहारिक वास्तविकताओं के अनुसार किया जाये ताकि किसानों की उत्पादित फसल की खरीदी हो सकें। कार्य की गहन निगरानी भी की जाये ताकि व्यवस्था में गड़बड़ी नहीं की जा सकें। बताया गया कि चना, मसूर, सरसों के 14 लाख 1 हजार 481 किसानों ने पंजीयन करवाया हैं। चना, मसूर, सरसों की उपार्जन अवधि 10 अप्रैल से 31 मई 2018 हैं। इस अवधि में सभी संभागों में उपार्जन कार्य होगा।

गेहूँ उपार्जन

चौहान ने गेहूँ उपार्जन कार्य की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि बारदानों की आवश्यकता के अग्रिम आकलन के आधार पर बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाये। उपार्जन व्यवस्था में किसी भी तरह का व्यवधान नहीं हो। बताया गया कि गेहूँ उपार्जन के लिए प्रदेश में 2,978 केन्द्रों का गठन किया गया हैं। कुल 15 लाख 35 हजार 962 कृषकों का पंजीयन किया गया हैं। खरीदी के संबंध में अभी तक 3 लाख 9 हजार 943 कृषकों को एस.एम.एस. से सूचना दी गई हैं। इनमें से 1 लाख 36 हजार 575 कृषकों से 6 लाख 52 हजार 60 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी हो गई हैं। अभी तक 801 करोड़ 12 लाख रूपये का भुगतान हो चुका हैं। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment