कमाण्ड क्षेत्र के हर खेत तक पानी पहुँचाये : मंत्री बघेल
निर्माणाधीन परियोजनायें निर्धारित समय में पूरी करने के निर्देश
खबरनेशन/Khabarnation
भोपाल :नर्मदा घाटी विकास मंत्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने आज मंत्रालय में नर्मदा घाटी विकास विभाग परियोजनाओं की गहन समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि नर्मदा घाटी विकास के लिये निर्मित और निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं का जल परियोजना कमाण्ड क्षेत्र के हर खेत तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसके लिये निर्मित सिंचाई क्षमता और वास्तविक सिंचाई क्षमता के बीच का अंतर पाटने के लिये प्राथमिकता से प्रयास किये जाये।
मंत्री बघेल ने रानी अवंती बाई लोधी सागर, बरगी डायवर्जन, इंदिरा सागर, ओंकारेश्वर, हालोन, लोअरगोई, नर्मदा मालवा गम्भीर, खरगोन उद्वहन, मान तथा जोबट परियोजनाओं के साथ ही वृहद परियोजनाओं से जुडे विस्थापन और पुर्नवास कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की। बघेल ने डही (धार) अंचल के सिंचाई से वंचित क्षेत्र तक सिंचाई जल पहुंचाने के लिये कार्य-योजना बनाने के निर्देश दिये। बघेल ने कहा कि निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने के लिये पूरी सक्रियता से काम करें।
प्रमुख सचिव एवं प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने नर्मदा घाटी में निर्मित और निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाओं से सिंचाई और निर्माणाधीन कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। अग्रवाल ने मैदानी इंजिनियरों को निर्माण कार्यों में गति लाने के लिये अग्रिम कार्य-योजना बनाकर समस्याओं का पूर्व आंकलन करने के लिये मार्गदर्शन दिया।
इस अवसर पर नर्मदा घाटी विकास विभाग के प्रमुख सचिव/नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल सहित विभाग के सभी वरिष्ठ अधिकारी और मैदानी इंजिनियर उपस्थित थे।