स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 36 जिलों में पुस्तकालयों का संचालन
खबरनेशन
पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण के लिये 3 करोड़ का प्रावधान
भोपाल :
प्रदेश के 36 जिला मुख्यालयों में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा शासकीय पुस्तकालयों का संचालन किया जा रहा है। इसके अलावा, भोपाल में मौलाना आजाद केन्द्रीय पुस्तकालय और स्वामी विवेकानंद लायब्रेरी का भी संचालन किया जा रहा है। शासकीय पुस्तकालयों के सुदृढ़ीकरण के लिये इस वर्ष करीब 3 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है।
केन्द्रीय संस्कृति मंत्रालय की राष्ट्रीय पुस्तकालय मिशन योजना में चयनित जिला पुस्तकालय, खण्डवा के उन्नयन के लिये 18 लाख 50 हजार रुपये और इंदौर के अहिल्या केन्द्रीय पुस्तकालय के उन्नयन के लिये करीब 22 लाख रुपये मंजूर किये गये हैं। इसके साथ ही, जिला शिवपुरी के पुस्तकालय के लिये 13.14 लाख, शासकीय बरमेन्द्र पुस्तकालय, नागौद, जिला सतना के लिये 2 लाख 28 हजार, जिला पुस्तकालय, मण्डला के लिये करीब 22 लाख, केन्द्रीय पुस्तकालय, ग्वालियर के लिये 10 लाख, जबलपुर केन्द्रीय पुस्तकालय के लिये 42 लाख 71 हजार और शासकीय केन्द्रीय पुस्तकालय, रीवा के लिये 16 लाख 65 हजार रुपये मंजूर किये गये हैं। जिला पुस्तकालयों के उन्नयन के लिये प्रति पुस्तकालय 3 लाख रुपये मंजूर किये गये हैं।