कार्यकर्ता ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत

शिवपुरी में कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, केन्द्रीय मंत्री ने किया संबोधित
खबर नेशन / Khabar Nation
शिवपुरी। देश में कई राजनैतिक दल है लेकिन उसमें भारतीय जनता पार्टी की एक अलग पहचान है। यह पहचान किसी के कारण है तो वह हमारे विचार और हमारे कार्यकर्ताओं के कारण। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बडी ताकत उसके कार्यकर्ता है। कार्यकर्ताओं के ताकत के बल पर ही आज नागालैण्ड और त्रिपुरा जैसे राज्यों में भाजपा की विराट विजय हुई है। आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भी कार्यकर्ताओं के परिश्रम से मध्यप्रदेश में ऐतिहासिक जीत दर्ज होगी। यह बात मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को शिवपुरी के रंगमहल में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन में प्रदेश शासन की मंत्री श्रीमती यशोधरा राजे सिंधिया, विजय शाह, महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद कृष्णपालसिंह यादव, संभाग प्रभारी व प्रदेश उपाध्यक्ष जीतू जिराती, प्रदेश मंत्री केशवसिंह भदौरिया मंचासीन थे।
मोदीजी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मान सम्मान बढ़ा : शिवराज सिंह
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार जितनी अच्छी तरह से जनसेवा का काम कर रही है। उतनी अच्छी सरकार कांग्रेस ने कभी नहीं चलाई। 14 महीने के लिए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार आई थी, तो इन्होंने संबल योजना, बेटियों के लिए साइकिल योजना, कन्यादान योजना, लैपटाप सहित भाजपा सरकार द्धारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी सभी योजनाओं को बंद कर दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार महा झूठी सरकार थी। सत्ता में रहते हुए उसने सिर्फ समाज के हर वर्ग से झूठ बोलने का काम किया। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज पूरी दुनिया में भारत का मान, सम्मान और प्रतिष्ठा बढी है। दुनिया में चारों ओर सिर्फ भारत का नाम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की दिग्विजय सरकार में 21 हजार करोड़ रूपए का बजट होता था। आज भाजपा 3 लाख 14 हजार करोड़ रूपए का बजट लेकर आई है। कांग्रेस के शासन काल में प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रूपए हुआ करती थी। आज भाजपा सरकार में यह बढ़कर 1 लाख 42 हजार रूपए हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूछते हुए कहा कि जितनी शानदार सड़के भाजपा सरकार ने बनाई क्या कभी कांग्रेस ने बनवाई थी क्या ? उन्होंने कहा कि अब जल जीवन मिशन से हर घर में पाइप लाइन से नल से पानी मिलेगा, एक तरफ जहां इंफ्रा स्ट्रक्चर के लिए काम हो रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सीएम जनसेवा अभियान के तहत गांव-गांव में शिविर लगाकर जन समस्याओं का समाधान हो रहा है।
कार्यकर्ता संकल्प लें शिवपुरी की पांचों विधानसभा भाजपा जीतेगी : विष्णुदत्त शर्मा
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह सम्मेलन कार्यकर्ता सम्मेलन ही नहीं शक्ति सम्मेलन है। क्योंकि भारतीय जनता पार्टी की ताकत उसके कार्यकर्ता है। उन्होंने कहा कि एक समय था जब त्रिपुरा जैसे राज्य में भाजपा को 1 प्रतिशत वोट मिलता था। आज उसी त्रिपुरा में भाजपा की प्रचंड बहुमत की सरकार है। नागालैंड के अंदर जहां अलगाववादी व आतंकियों का प्रभाव होता था, वहां भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने बलिदान देकर विचार को मजबूत किया। आज उस नागालैंड में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है। श्री शर्मा ने कहा कि देश के 16 राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। आज हर कोने में भाजपा का विचार पहुंच रहा है। आज पूर्वांचल में भाजपा की सरकार बन रही है तो वह कार्यकर्ताओं के बल पर बनी है। उन्होंने कहा कि गुजरात के 27 साल के शासन के बाद भी भाजपा 156 सीटें लाकर भारत में राजनीतिक इतिहास बनाने में अगर किसी का सहयोग है तो वह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का है। उन्होंने कहा कि अब हम सबको मिलकर संकल्प लेना है कि शिवपुरी में हम पांचों विधानसभा सीटों पर विजय प्राप्त करेंगे।
कार्यकर्ताओं की मेहनत से भाजपा ग्राम सभा से लेकर लोकसभा तक : हितानंद
पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि जनसंघ के समय लोग हमारे कार्यकर्ताओं को गिनते तक नहीं थे। कार्यकर्ताओं ने परिश्रम की पराकाष्ठा की और जो पार्टी 20 लोगों की होती थी, आज विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बन गयी है। यह सब कार्यकर्ताओं की मेहनत से संभव हुआ है।उन्होंने कहा कि शिवपुरी की गली से लेकर दिल्ली तक चाहे नगर सरकार हो केंद्र सरकार। हर जगह भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ग्राम सभा से लेकर देश की लोक सभा तक भाजपा के कार्यकर्ता जनसेवा कर रहे है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता पार्टी के व्यवस्था के अनुसार काम करता है। पार्टी जब उसे जो कार्यक्रम और काम देती है उसे वे पूरी निष्ठा के साथ पूरा करता है। उन्होंने कहा कि पार्टी के बूथ सशक्तिकरण के अभियान को नीचे तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ताओं का है।
ग्वालियर संभाग में जीत का नया रिकार्ड बनायेगी भाजपा : सिंधिया
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नया आयाम दे रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रदेश में हमें सड़क नसीब नहीं होती थी, सिर्फ गढ्ढे मिलते थे। आज 18 साल में तीन लाख किलोमीटर अधिक सड़कें बनी है। अगर यह परिवर्तन आया है तो भारतीय जनता पार्टी और मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कारण संभव हुआ है। उन्होंने कहा कि केन्द्र में मोदी जी और प्रदेश में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान के कामों को भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को आगे बढाने की आवश्यकता है। हम सबका यह दायित्व बनता है कि जो शीर्ष नेतृत्व ने योजना का क्रियान्वयन किया है, उस योजना का लाभ हम एक-एक लाभार्थी तक पहुंचाने में अपनी जिम्मेदारी तय करें। श्री सिंधिया ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर, वार्ड वार सहित लाभार्थी सम्मेलन आयोजित करें और लाभार्थी भी भाजपा का एक अभिन्न अंग बने। इस दिशा में कार्यकर्ता बनाकर काम करें। श्री सिंधिया ने कहा कि इस बार भाजपा ग्वालियर संभाग में जीत का नया रिकॉर्ड बनायेगी।
जिलाध्यक्ष राजू बाथम ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री सोनू बिरथरे न आभार महामंत्री गगन खटीक ने माना। इस अवसर पर शिवपुरी जिले के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि व कार्यकर्ता बडी संख्या में उपस्थित थे।
लिखें और कमाएं
मध्यप्रदेश के पत्रकारों को खुला आमंत्रण । आपके बेबाक और निष्पक्ष समाचार जितने पढ़ें जाएंगे उतना ही आपको भुगतान किया जाएगा । 1,500 से 10,000 रुपए तक हर माह कमा सकते हैं । अगर आप इस आत्मनिर्भर योजना के साथ जुड़ना चाहते हैं तो संपर्क करें:
गौरव चतुर्वेदी
खबर नेशन
9009155999