राष्ट्र विरोधी ताकतों को हराने के लिए बूथ को सक्षम बनाना होगाः विष्णुदत्त शर्मा


बैतूल के कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश अध्यक्ष ने किया आह्वान
खबर नेशन / Khabar Nation


बैतूल। राष्ट्रवादी भाजपा को मिली सफलता से राष्ट्र विरोधी ताकतें बेचैन हैं। ये ताकतें देश के कई हिस्सों में जिनमें बैतूल जिला भी शामिल है,  लोगों को धर्म-संस्कृति और सभ्यता से विचलित करने का काम कर रही हैं। ऐसे समय में पार्टी के बूथ विस्तारक अभियान की महत्ता और भी बढ़ जाती है। हमारे सभी कार्यकर्ता बूथ विस्तारक अभियान को सफल बनाकर, बूथ को सक्षम बनाकर राष्ट्रविरोधी ताकतों को परास्त कर सकते हैं। यह आह्वान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गुरुवार को जिला भाजपा कार्यालय विजय भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में किया। सम्मेलन के दौरान सांसद श्री दुर्गादास उइके, विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, जिला अध्यक्ष श्री आदित्य बबला शुक्ला, जिला प्रभारी श्री सुजीत जैन आदि नेता भी मंचासीन रहे।
प्रधानमंत्री जी गरीबों के जीवन को बदलने का काम कर रहे
       प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत के 70 प्रतिशत से अधिक भू-भाग पर भारतीय जनता पार्टी है। पार्टी के हर कार्यकर्ता के लिए गर्व का विषय होना चाहिए। लेकिन इस सफलता से हमारे अंदर घमंड नहीं आना चाहिए क्योंकि घमंड आता है तो सत्ता दुरावस्था की ओर जा सकती है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी सत्ता के माध्यम से गरीबों के जीवन को बदलने का काम कर रहे हैं। हमारी केंद्र और प्रदेश की सरकारें अंत्योदय के विचार पर चलते हुए समाज कल्याण के अभियान में जुटी हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह हमारे संगठन की कार्य पद्धति का ही प्रभाव है कि देश में इतनी बड़ी ताकत होने के बावजूद भी हमारे कार्यकर्ता विनम्र भाव से समाजसेवा के काम में लगे हुए हैं। जब कार्यकर्ता हमारे महापुरुषों के जीवन की पृष्ठभूमि में झांकते हैं तो उन्हें राजनीतिक क्षेत्र में काम करने की एक दिशा मिलती है। कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान पूर्व सांसद श्री सुभाष आहूजा, श्रीमती ज्योति धुर्वे, पूर्व विधायक श्री रामजीलाल उइके, श्री चंद्रशेखर देशमुख, श्री मंगलसिंह धुर्वे, श्रीमती गीता उईके, श्री सूरजलाल जावरकर, श्री नरेश फाटे, श्री बसंत बाबा माकोडे, श्रीमती हेमलता कुंभारे सहित पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
पार्टी के सुदृढ़ीकरण में जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका
श्री विष्णुदत्त शर्मा ने जिले के जनप्रतिनिधियों एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि किसी नेता पर समाज का भरपूर विश्वास होता है तभी वह जनप्रतिनिधि बन पाता है। आज भारत के अधिकांश भूभाग पर भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि विभिन्न संस्थाओं में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह भाजपा नेताओं पर देश के मजबूत विश्वास का प्रमाण है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी अंत्योदय की नीति पर चलकर शासन की योजनाओं के माध्यम से समाज कल्याण का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जनता के बीच जो मेहनत करता है उससे पार्टी को भी मजबूती मिलती है। जनप्रतिनिधि के नाते भाजपा के बूथ विस्तारक अभियान में आप सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यकर्ता के व्यवहार से पार्टी की छवि बनती है
      प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने पार्टी के जिला पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे पदाधिकारी का स्वभाव और व्यवहार पार्टी की छवि निर्माण करने का काम करता है। अतः हमारे पदाधिकारी को समाज के लिए सहज, सुलभ और सरल होना चाहिए। हम पार्टी में जिस भी पद पर हैं उसके अनुरूप हमारा व्यवहार भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब सभी कार्यकर्ता टीम भावना के साथ आगे बढ़ेंगे तो पार्टी का हर अभियान सफल होगा। इससे पार्टी भी मजबूत होगी और हमारा कार्यकर्ता भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि हमें राजनीति में सामूहिकता लाने का प्रयास करना चाहिए। सुनने का मानस बनाकर कार्यप्रणाली में सुधार करने का प्रयास भी लगातार करते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय, प्रभावी काम करने वाले लोगों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करना चाहिए।
अपने वर्ग को पार्टी से जोड़ने का काम करें मोर्चा कार्यकर्ता
मोर्चों के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी के विस्तार में सभी मोर्चो की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। मोर्चा के कार्यकर्ता अपने संबंधित वर्ग को पार्टी से जोड़ने का काम करें। सभी मोर्चा कार्यकर्ताओं को संबंधित वर्ग की सारी जानकारियां होना चाहिए। मोर्चा पदाधिकारियों को उन वर्गों के लिए चलाई जा रही शासकीय योजनाओं का भी पूरा अध्ययन होना चाहिए। मोर्चा के कार्यकर्ता जब सारी जानकारियों से लैस होकर समाज के बीच में काम करेंगे तो निश्चित ही पार्टी का जनाधार बढेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़े वर्गों की बेहतरी के लिए अनेकों काम हुए हैं। महिलाओं युवाओं और किसानों के लिए भी क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। मोर्चा पदाधिकारियों का दायित्व है कि वह इन सभी कामों को जनता के बीच में लेकर जाए और वह विस्तारक अभियान में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
पिछड़ा नेता के घर किया भोजन
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने अपने बैतूल प्रवास के दौरान पिछड़ा वर्ग के नेता एवं बैतूल गंज मंडल के महामंत्री श्री गीतेश बारस्कर के घर दोपहर भोजन किया। इस दौरान सांसद, विधायक, जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों ने भी श्री बारस्कर के निवास पर भोजन किया। बारस्कर परिवार ने प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा का आत्मीय स्वागत किया। श्री शर्मा ने श्री बारस्कर के परिजनों का कुशलक्षेम पूछा।

Share:


Related Articles


Leave a Comment