नाबालिक बच्चियों के साथ हुई बर्बरता दुर्भाग्यपूर्णः राकेश सिंह

खबर नेशन/Khabar Nation  

भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने कहा कि उज्जैन और भोपाल में नाबालिक बच्चियों के साथ हुई बर्बरता दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाएं प्रदेश सरकार की नाकामी दर्शाती हैं। श्री राकेश सिंह ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं। 

राकेश सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार में अपराधों की बाढ़ आ गई है। लगातार लूट, हत्या, अपहरण और अब नाबालिकों के साथ दुष्कृत्य के बाद हत्या जैसी शर्मसार करने वाली घटनाएं हो रही हैं। यह हमारे लिए चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सिर्फ तबादला उद्योग चलाने में व्यस्त है, उसे कानून व्यवस्था से कोई लेना-देना नहीं है। प्रदेश का लॉ इन ऑर्डर पूरी तरह चौपट हो चुका है। अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं, उनमें भय नाम की कोई चीज नहीं बची है। उन्होंने कहा कि कमलनाथ सरकार के बनने के बाद नौनिहाल का भविष्य खतरे में है। चित्रकूट, सतना, इंदौर में बच्चों का अपहरण के बाद हत्या की घटनाएं हो जाती हैं, लेकिन सरकार इन घटनाओं के बाद भी कानून व्यवस्था को मजबूत नहीं बना पाती। अब मासुम बेटियों के अपहरण और दुष्कृत्य के बाद हत्या की घटनाएं हो रही हैं। लगातार दो दिनों में उज्जैन और फिर भोपाल में बच्चियों के साथ जो घटनाएं घटी हैं, वह निष्क्रिय कानून व्यवस्था को इंगित करता है। 

उन्होंने कहा कि तबादला उद्योग से कर्मचारी परेशान हैं, जिस तरह बीते दिनों सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ी संख्या में हुए तबादलों से कारण कानून व्यवस्था चरमरा गई है। पुलिस काम नहीं कर पा रही है। ट्रांसफर के डर से भय का माहौल है, क्योंकि अधिकारियों को यह भय रहता है कि क्या पता उनका अगला ट्रांसफर आर्डर कब निकल जाए।

 राकेश सिंह ने कहा कि नाबालिकों के साथ हुई। घटना के बाद छोटे कर्मचारियों पर कार्यवाही कर सरकार अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकती। उन्होंने कहा कि सरकार को कठोर कदम उठाकर पीड़ित परिवारों की मदद करने के साथ भविष्य में ऐसी घटनाएं न घटे इसकी चिंता करने की आवश्यकता है। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment