नए कार्यालय में बने महाकोशल की सभी सीटें जीतने की योजना : रामलाल जी

खबरनेशन/Khabarnation 
कार्यालय हमारे कार्य का केन्द्र है: शिवराज सिंह चौहान
माँ के आंचल की अनुभूति कराता है कार्यालय: राकेश सिंह

भाजपा का नवनिर्मित कार्यालय हुआ भव्य समारोह में लोकार्पित

                जबलपुर। इस कार्यालय भवन से देश और मध्यप्रदेश के पुनर्निर्माण की योजना बने यही मेरी शुभकामना है। इस कार्यालय से महाकोशल की सभी 94 विधानसभा सीटें तथा लोकसभा की 13 सीटें जीतने की योजना बनेए ऐसा हमारा प्रयास होना चाहिये। यह बात भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल जी ने शनिवार को जबलपुर में पार्टी के नए कार्यालय भवन के लोकार्पण समारोह में कही। समारोह में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय मंत्री एवं पार्टी की चुनाव अभियान समिति के संयोजक  नरेन्द्र सिंह तोमर,  थावरचंद गहलोत, वीरेन्द्र खटीक, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी  विनय सहस्त्रबुद्धे, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष  प्रभात झा, प्रदेश अध्यक्ष  राकेश सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री  सुहास भगत, सह संगठन महामंत्री अतुल राय आदि उपस्थित थे। 

                रानीताल चौक के पास निर्मित भाजपा कार्यालय का लोकार्पण समारोह शनिवार को आयोजित किया गया। अतिथियों द्वारा सर्वप्रथम पार्टी के ध्वज का ध्वजारोहण कर शिलालेख का अनावरण एवं भारतमाता व पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के चित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलन किया गया। इसके पश्चात सभी आमंत्रित अतिथियों ने कार्यालय का भ्रमण किया। इसके उपरांत रानीताल स्टेडियम में आयोजित समारोह में वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया।

                राष्ट्रीय संगठन महामंत्री  रामलाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा की पहचान व ताकत कार्यकर्ता ही है। हमारी पहचान त्याग तपस्या और बलिदान से ही है। हमारे पूर्वजों ने अपने अथक परिश्रम और बलिदान के बाद संगठन को खड़ा किया है। आजादी से आज तक हमारे हजारों कार्यकर्ताओं का बलिदान हुआ है। हमारे दो राष्ट्रीय अध्यक्ष शहीद हुए हैं और आज भी कश्मीर, केरल, पश्चिम बंगाल में हमारे कार्यकर्ता संघर्ष कर रहे हैं। आज पार्टी सत्ता में है इसके पीछे हमारे कार्यकर्ताओं की मेहनत ही है और इन्हीं कार्यकर्ताओं ने मिलकर इस भव्य कार्यालय का निर्माण कराया है।  रामलाल जी ने कहा कार्यालय निर्माण में कार्यकर्ताओं की मेहनत एवं पूंजी लगी है। यह कार्यालय जीवंत कार्यालय बने और हर कार्यकर्ता इसे अपना घर समझे ऐसा प्रयास होना चाहिये।

                मुख्यमंत्री  शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज उत्साह और उमंग का दिन है, क्योंकि हमारे कार्यालय का लोकार्पण हुआ है। इस कार्यालय का भव्य निर्माण इस बात को दर्शाता है कि अथक परिश्रम और पूरी लगन से कोई कार्य किया जाये तो वह निश्चित ही अपने उद्देश्य को पूरा करता है। चौहान ने कहा कि कार्यालय हमारे कार्य का केन्द्र होता है और इसे केन्द्र बनाकर हम कार्य करें। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी के चार अंग हैं जिनमें कार्यकर्ताए कार्यक्रम, कार्यालय और कोष आते हैं। हमारे पास ऊर्जावान एवं अनुभवी कार्यकर्ता हैं, जो अपनी मेहनत के बल पर आने वाले चुनावों में फिर से पार्टी की विजय पताका फहरायेंगे। श्री चौहान ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारे पास प्रारंभ से ही ऐसा नेतृत्व रहा हैए जिनसे प्रेरणा मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय, अटल बिहारी बाजपेयी,  लालकृष्ण आडवाणी, कुशाभाऊ ठाकरे, राजमाता सिंधिया, नारायण प्रसाद गुप्ता के साथ सुंदरलाल पटवा, कैलाश जोशी, दादा बाबूराव परांजपे ने अपने परिश्रम और लगन से पार्टी को खड़ा किया और हमारा सफर यहां तक पहुंचा है।

               चौहान ने कहा कि पार्टी के लगातार विस्तार से घबराकर देश में कभी गठबंधन तो कभी महागठबंधन की बात होती हैए क्योंकि सभी भाजपा रोको अभियान में लगे हैं। जिनके विचार संस्कार और दिशा भी एक नहीं है वे भी मोदी जी के डर से एक हो रहे हैं।

                मुख्यमंत्री  चौहान ने कहा कि आगामी 25 सितम्बर को भोपाल में कार्यकर्ता महाकुंभ का आयोजन हो रहा है जिसमें हमें प्रधानमंत्री  मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का मार्गदर्शन मिलेगा।

                भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सांसद राकेश सिंह ने इस अवसर पर कहा कि कार्य, कार्यकर्ता और कार्यालय का महत्वपूर्ण स्थान है, क्योंकि हमारी पार्टी में भाव और लक्ष्य को महत्ता दी गई है। भाजपा के पास एक वैचारिक प्रतिबद्धता है और इसी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ने के लिये समय समय पर हमें नई ऊर्जा मिले उसके लिये कार्यालय ही सबसे महत्वपूर्ण स्थान होता है। सिंह ने कहा कि भाजपा हमारी माँ है और कार्यालय हमारी माँ का आंचल है हमें भी कार्यालय में वही सुकून मिलेगा जो कि एक छोटे बच्चे की तरह अपनी माँ के आंचल में पहुंचने पर मिलता है।

                कार्यक्रम के दौरान लोकतंत्र सैनानियों मीसाबंदियों को अतिथियों द्वारा ताम्रपत्र से सम्मानित किया गया तथा शूटिंग चैम्पियनशिप में नगर का नाम रोशन करने वाली गोल्ड मैडलिस्ट श्रेया अग्रवाल व महिमा अग्रवाल को मुख्यमंत्री जी द्वारा सम्मानित किया गया।

                इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष  नंदकुमार सिंह चौहान, महामंत्री  अजय प्रताप सिंह,  विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश शासन के मंत्री भूपेन्द्र सिंह,  गौरीशंकर बिसेन,  राजेन्द्र शुक्ला,  शरद जैन,  संजय पाठक,  विश्वास सारंग,  जालम सिंह,  कन्हई राम रघुवंशी,  फग्गन सिंह कुलस्ते,  प्रहलाद पटैल,  गणेश सिंह, जनार्दन मिश्रा, लक्ष्मी नारायण यादव,  उदय प्रताप सिंह, रीति पाठक,  कैलाश सोनी, संपतिया उइके मंचासीन थे। कार्यक्रम का संचालन प्रदेश उपाध्यक्ष  विनोद गोंटिया एवं आभार मविप्रा अध्यक्ष प्रभात साहू ने किया। कार्यक्रम में भाजपा नगर अध्यक्ष जीण्एसण्ठाकुर एवं ग्रामीण अध्यक्ष ओमप्रकाश पटैल ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।

Share:


Related Articles


Leave a Comment