दुनिया में जमी भारत की धाक, मध्यप्रदेश की बदली तस्वीरः राकेश सिंह

खबरनेशनKhabarnation  आगर मालवा और देवास जिलों के कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष

                भोपाल। दस वर्षो तक देश में यूपीए की दिशाहीन सरकार थी। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली भाजपा की सरकार ने दुनिया में भारत की धाक जमायी। वहीं, मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने मध्यप्रदेश की तस्वीर बदलने का काम किया है। यह बात मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद  राकेश सिंह ने आगर मालवा और देवास में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। राकेश सिंह जिला प्रवास कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को आगर मालवा और देवास जिलों के दौरे पर थे।

                प्रदेश अध्यक्ष  राकेश सिंह ने कहा कि देश की जनता महंगाई और भ्रष्टाचार से त्रस्त, हताश थी। 2014 में राजनैतिक परिवर्तन के साथ सत्ता में आने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सामाजिक आर्थिक क्रांति लाकर भारत की विश्व पटल पर साख बनायी और जन-जन का सम्मान बढ़ाया। सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से देश का प्रगतिशील राज्य बनाकर मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने मध्यप्रदेश की तस्वीर और जनता की तकदीर बदली है। गांव, गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाओं की आर्थिक प्रगति का द्वार खुला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने मुख्यमंत्री नहीं, प्रदेश के प्रथम सेवक के रूप में जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने, मध्यप्रदेश को स्वर्णिम प्रदेश बनाने का अनुष्ठान सफलतापूर्वक आरंभ कर परिणामोन्मुखी पहल की है।

                 सिंह ने मध्यप्रदेश में हुए बदलाव की चर्चा करते हुए कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में प्रदेश अंधकार में डूबा था। न सड़कें थी और न खेत को पानी और न युवकों को रोजगार था। मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना डाला था। 2004 में सत्ता परिवर्तन के साथ भाजपा सरकार ने विकास की इबारत लिखी। हर खेत को पानी, हर हाथ को काम, हर परिवार को स्वास्थ्य, शिक्षा, सुविधाएं उपलब्ध करायी है। प्रदेश में किसानों, मजदूरों, पिछड़ों के लिए खजाना खोल कर साबित कर दिया है कि प्रदेश के पैसों पर पहला अधिकार गरीब का है। उन्हें आर्थिक सुरक्षा कवच मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा में उमड़ती भीड़ का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जनआशीर्वाद यात्रा का पलक पांवड़े बिछाकर स्वागत कर रही है। इससे मिशन 2018 की सफलता, प्रदेश में चौथी बार शिवराजसिंह चैहान के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनाने की जनता की आकांक्षा मुखरित हो रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि जनता के इस उत्साह, मतदाताओं के समर्थन को मतपेटी तक पहुँचाने के लिए उनसे सतत संवाद कर संपर्क करें। उन्होंने कहा कि जनता का उत्साह और आशीर्वाद ही भाजपा की शक्ति और पूंजी है।

Share:


Related Articles


Leave a Comment