हम किसानों की आय दोगुनी करके रहेंगे: चौहान

अशोकनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि किसान की खेती की बढ़ती लागत को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किसान की आय दोगुना करने का 2022 तक का लक्ष्य रखा है। इस दिशा में ठोस कार्यवाही करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने केन्द्र द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य (गेहूं) 1735 रूपए के साथ उत्पादकता प्रोत्साहन देते हुए 2000 रूपए क्विंटल गेहूं का आश्वस्त मूल्य घोषित किया है। किसान के हित में राज्य सरकार 265 रूपए का भुगतान अपने खजाने से करेगी, इससे किसान लाभान्वित होगा। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार गांव, गरीब और किसान परस्त सरकार है। कांग्रेस कभी गेहूं का मूल्य 600 रूपए क्विंटल देती थी यह भारतीय जनता पार्टी सरकार की किसान परस्त नीति का नतीजा है कि उसे एक क्विंटल का मूल्य 2000 रूपए मिलेगा। मुंगावली क्षेत्र के रतभानपुर में चुनाव जनसभा को संबोधित करते हुए नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि इस क्षेत्र को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने के लिए पार्टी ने मुंगावली उपचुनाव में बाईसाहब यादव को प्रत्याशी बनाया है। 24 फरवरी को होने जा रहे मतदान में बाईसाहब यादव को विजयी बनाने के लिए कमल के निशान पर समर्थन देकर विजयी बनाए।
 

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में मोगिया समाज पिछड़ा हुआ है और उसे अनुसूचित जनजाति के समकक्ष सुविधाओं की दरकार है। जनजाति में मोगिया समाज को शामिल किए जाने के लिए भाजपा सरकार शक्ति भर प्रयास करेगी। जिससे मोगिया समुदाय समाज की मुख्यधारा से जुड़ेंगा। उन्होंने कहा कि इस समाज के परिश्रमी परिवार आगे बढ़े इसके लिए शिवराजसिंह सरकार पूरा प्रयास कर रही है। मोगिया समाज के छात्र छात्राएं उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए यदि 12 वी कक्षा में 75 प्रतिशत अंक लाते है तो उन्हें डाक्टर,इंजीनियर, वकील जैसे उंचे पदों पर पहुँचने के लिए उच्च शिक्षा का बंदोबस्त सरकार करेगी। उनकी फीस लाखों रूपए में होती है। वह सरकारी खजाने से भरी जायेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार ने आजादी के बाद से सिर्फ साढ़े सात लाख हेक्टेयर में सिंचाई क्षमता निर्मित की थी उसे भाजपा सरकार ने पिछले 14 वर्षों में बढ़ाकर 40 लाख हेक्टेयर कर दी है और आने वाले वर्षों में इसे1 लाख हेक्टेयर तक किया जायेगा। हर खेत को पानी और प्रत्येक बस्ती मुख्य सड़क से जुड़े यह भाजपा की प्रतिबद्धता है। उन्होंने कहा कि सिंचाई का महत्वाकांक्षी कार्यक्रम बनाया गया है जिसके लिए सिंचाई के रकबे का विस्तार करने के लिए 1 लाख करोड़ रूपए की व्यवस्था की जायेगी।
 

चौहान ने कहा कि शिवराजसिंह चौहान सरकार ने किसानों को जीरो प्रतिशत ब्याज पर कर्ज देने की व्यवस्था की है। प्रदेश के लाखों किसानों ने इस सुविधा का लाभ उठाया है लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण किसान कर्ज चुकाने में विफल रहे और डिफाल्टर हो गए है। डिफाल्टर किसानों को जीरो प्रतिशत कर्ज की पात्रता देने के लिए सरकार ने उनका ब्याज वहन करने का निश्चय किया है और वे अब विधिवत पुनः जीरो प्रतिशत कर्ज प्राप्त करने के हकदार होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पिछड़े वर्ग से आते है। उन्होंने गरीबी में जीवन निर्वाह किया है इसलिए गरीब की पीड़ा को समझते है। दूसरी ओर सामंतशाही है। जिसने सिर्फ जय-जयकार कराया है और जनता का भावनात्मक शोषण किया है।

यह उपचुनाव क्षेत्रीय विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। चुनाव विकास और सामंतशाही के बीच का चुनाव है, इसलिए कांग्रेस के बहकावे से बचकर विकास के लिए बाईसाहब यादव का समर्थन करें और उन्हें विजयी बनाए। उन्होंने कहा कि बाईसाहब यादव की जीत क्षेत्र की जनता की जीत होगी और क्षेत्र की जो समस्याएं है उन्हें आने वाले कुछ माह में समाधान कर दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। इसी तरह दिल्ली में भाजपा के नेतृत्व में नरेन्द्र मोदी की सरकार है। बाईसाहब यादव को विधायक चुनकर क्षेत्रीय जनता सीधे मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री से जुड़ जायेगी और क्षेत्र की समस्याए आनन फानन में हल होगी। उन्होंने इस अवसर को क्षेत्र की भलाई के लिए उपयोग में लाने के लिए बाईसाहब यादव को विजयी बनाने का आव्हान किया और जन जन से कहा कि वे अपने आप को प्रत्याशी मानकर 24 फरवरी तक घर घर पहुंचे और प्रत्येक मतदाता को कमल का बटन दबाने का आग्रह करें। (खबरनेशन / Khabarnation)
 

Share:


Related Articles


Leave a Comment