राज्यपाल ने संविधान के प्रति ली गई शपथ का उल्लंघन किया

भाजपा कार्यकर्ताओं को दी गई नसीहत पर सफाई दें, राज्यपाल

नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि राज्यपाल संविधान के पालन की चिंता करें भाजपा या मोदी की नहीं

भोपाल। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल के द्वारा दल विशेष को मजबूत बनाने और वोट लेने के तरीके बताने पर कहा हैं कि यह संविधान के प्रति ली गई शपथ का उल्लंघन हैं।

सिंह ने कहा कि हमारी लोकतात्रिंक व्यवस्था में राज्यपाल किसी प्रदेश का सर्वोच्च संवैधानिक पद हैं। इस पद पर बैठा व्यक्ति निरपेक्ष होता और दलीय भावना से ऊपर होता हैं। पटेल ने सार्वजनिक रूप से राजनीतिक दल भाजपा के वोट बढ़ाने के लिए जो नसीहत भाजपा के कार्यकर्ताओं को दी हैं वह घोर आपत्तिजनक हैं। उन्होंने कहा कि पटेल को प्रदेश में संविधान और न्याय व्यवस्था को तहस-नहस करने के लिए भाजपा सरकार द्वारा जो प्रयास किए जा रहे हैं उसके प्रति चिंता व्यक्त करना चाहिए। लेकिन उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा के चुनाव जीतने हारने की चिंता हो रही हैं जो निश्चित ही लोकतांत्रिक परंपराओं का अपमान हैं।

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश सहित पूरे देश में यह परंपरा रही हैं कि राज्यपाल दल विशेष के पक्ष में नहीं होता बल्कि वह राज्य सरकार को संविधान के अनुसार अपने दायित्व का निर्वाह न करने पर चेताता हैं। जैसे कि स्व. रामेश्वर ठाकुर ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को केंद्र सरकार के खिलाफ धरने पर बैठने की घोषणा को लेकर आगाह किया था और राज्यपाल की सलाह पर उन्होंने उसे स्थगित किया था। उन्होंने कहा संविधान की रक्षा करने वाला व्यक्ति ही अगर खुलेआम संविधान का, अपने पद की शपथ का उल्लंघन करे, उससे प्रदेश की जनता क्या उम्मीद रखेगी। 

नेता प्रतिपक्ष सिंह ने कहा राज्यपाल आनंदी बैन पटेल ने सतना में दिए निर्देश से इस प्रदेश की जनता का विश्वास खो दिया। उन्होंने कहा इस संबंध में राज्यपाल को तुरंत सफाई देना चाहिए कि वे इस प्रदेश की साढ़े सात करोड़ जनता की राज्यपाल हैं या सिर्फ भारतीय जनता पार्टी की।

(खबरनेशन / Khabarnation)

Share:


Related Articles


Leave a Comment