सुप्रीम कोर्ट में राम को काल्पनिक बताने वाले हनुमान को पूज रहे यह आश्चर्य है : राकेश सिंह

 

 

 खबर नेशन / Khabar Nation

 

                भोपाल। किसी भी धार्मिक आयोजन से किसी को कोई तकलीफ नहीं है लेकिन कांग्रेस के यही लोग जो सुप्रीम कोर्ट में भगवान राम को काल्पनिक बताते है, अगर वही हनुमान चालीसा करने लगे तो आश्चर्य होता है। कांग्रेस के ये नेता एक तरफ अल्पसंख्यकों के बीच में उन्माद पैदा करके उनको भड़काते हैं, उन्हें प्रेरित करते है कि प्रदेश में अप्रिय घटनाएं घटे, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के यही नेता हनुमान चालिसा जैसे धार्मिक आयोजनों से बहुसंख्यक वर्ग को साधने की कोशिश करते है। जनता इनके इस राजनैतिक उद्देश्य को भलीभांति समझती है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री राकेश सिंह ने गुरूवार को प्रदेश कार्यालय में मीडिया से चर्चा करते हुए कही।

 

केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर सीएए पर राजनीति कर रहे कमलनाथ

 

                श्री राकेश सिंह ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार की कोशिश है कि बहुसंख्यक और अल्पसंख्यकों के बीच उन्माद पैदा हो। कांग्रेस ने घृणित राजनीति की सारी सीमाएं और मर्यादाएं पार कर दी हैं। प्रदेश में जिस प्रकार का वातावरण सरकार द्वारा निर्मित किया गया है प्रदेश के इतिहास में ऐसा वातावरण कभी भी निर्मित नहीं हुआ। कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व के इशारे पर मुख्यमंत्री श्री कमलनाथ नागरिकता संशोधन कानून पर राजनीति कर प्रदेश के सदभाव का वातावरण नष्ट कर रहे हैं। श्री राकेश सिंह ने कहा कि लोकसभा और राज्यसभा में जब कानून पारित हुआ तब सदन में कांग्रेस के सांसद भी मौजूद थे, इसलिए अब सीएए पर प्रश्नचिन्ह खड़े करना केवल राजनीतिक रोटियां सेंकना है। मुख्यमंत्री कमलनाथ तय नहीं करेंगे कि सीएए को लेकर भाजपा और संघ परिवार का क्या कदम होगा। भाजपा और संघ परिवार को कमलनाथ के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।

 

चीन में फसे छात्रों को सकुशल लाएगी मोदी सरकार

 

                श्री राकेश सिंह ने कहा कि देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आने के बाद विदेश में किसी भी भारतीय पर जब भी विपत्ति आई है, तो श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा उन्हें भारत सुरक्षित लाया गया है। खरगौन के जो छात्र चीन में फंसे हुए हैं, तो विश्वास रखिए कि केंद्र में मोदी जी के नेतृत्व वाली सरकार उनको सकुशल वापस लेकर आएगी।

 

देशद्रोहियों की कोशिशें कामयाब नहीं होने देगी प्रदेश की जनता

 

                श्री सिंह ने कहा कि विपक्षी दल प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विरोध में देश के वातावरण को खराब करने की नाकाम कोशिश में लगे हुए हैं। टुकड़े-टुकड़े गैंग के सदस्य देश के किन-किन राज्यों में माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, यह हम सब जानते हैं। लेकिन यह मध्यप्रदेश है, यहां की जनता जागरूक है, देश प्रेमी और राष्ट्र भक्त है। इसलिए प्रदेश की जनता ऐसे तत्वों की जो भारत माता के विरोध में नारे लगाते हों, उन देशद्रोहियों की कोशिशे कामयाब नहीं होने देगी।

 

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment