जनता के बीच जाकर कांग्रेस द्वारा फैलाए गए भ्रम को दूर करें : रामेश्वर शर्मा

 

 

1 से 15 जनवरी तक चलेगा जनजागरण अभियान

 

 खबर नेशन / Khabar Nation

 

     भोपाल। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस द्वारा फैलाए जा रहे भ्रम को दूर करने और जनता तक अधिनियम की वास्तविकता पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी 1 से 15 जनवरी के बीच अभियान प्रारंभ करेगी। अभियान की तैयारियों को लेकर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय, पं. दीनदयाल परिसर में प्रदेश प्रवक्ता, पार्टी एवं मोर्चा के मीडिया प्रभारी, मीडिया पेनालिस्ट एवं सोशल मीडिया प्रभारियों की कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यशाला को पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर शर्मा, वरिष्ठ नेता श्री लालसिंह आर्य, प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर, मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय, आईटी विभाग के संयोजक ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा से तुष्टीकरण की राजनीति करती आयी है। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस भ्रम फैला रही है। हमें जनता के बीच जाकर इस भ्रम को तथ्यों और तर्को के साथ दूर करना है।

 

1 जनवरी से शुरू होगा जनजागरण अभियान

 

                कार्यशाला को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष व विधायक श्री रामेश्वर शर्मा ने वर्ग विशेष को अपना वोट बैंक मानने वाली कांग्रेस को खत्म होते जनाधार को लेकर चिंता है और यही कारण है कि वह भ्रम का वातावरण पैदा कर रही है। लेकिन हमें सजगता के साथ जनता तक तर्क और तथ्य के आधार पर वास्तविकता पहुंचाने का काम करना है। उन्होंने कहा कि जो भाषा पाकिस्तान के नेता बोलते है, वही भाषा कांग्रेस के नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी बोलती है। इस बात से स्पष्ट है कि कांग्रेस की मानसिकता कैसी है ? उन्होंने कहा कि कांग्रेस सीएए को लेकर जनता को भ्रमित कर रही है। लेकिन उसके मंसूबे कभी पूरे नहीं हो पायेंगे। श्री रामेश्वर शर्मा ने बताया कि पार्टी 1 जनवरी से जनजागरण अभियान चलायेगी। जिसमें हमारी महत्वपूर्ण भूमिका है। इस अभियान के माध्यम से मध्यप्रदेश के 5 लाख परिवारों से डोर टू डोर संपर्क होगा। हिन्दू, बौद्ध, जैन, सिख, ईसाई और पारसी इन सभी वर्गो के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को अधिनियम के लिए धन्यवाद ज्ञापित करने के पत्र लिखे जायेंगे।

 

सामाजिक ताने बाने को आघात पहुंचाने का काम कर रही कांग्रेस : लालसिंह आर्य

 

                पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री श्री लालसिंह आर्य ने कहा कि कांग्रेस प्रारंभ से ही सामाजिक समरसता के ताने बाने को नष्ट करना चाहती है। वह हमेशा वर्ग संघर्ष को बढावा देकर अपने राजनैतिक हित साधने का काम करती आयी है, लेकिन उसके मंसूबे कभी भी पूरे नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि जिस तरह आंदोलनों में अंबेडकर जी के चित्रों का उपयोग हो रहा है, उससे हमें उनकी मंशा समझने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि 70 से 80 प्रतिशत नदियों में काम करने वाला निषाद अजा, अजजा वर्ग से है जो बांग्लादेश और अफगानिस्तान से भारत में आया है। इस वर्ग को मोदी सरकार ने भारत की नागरिकता देकर गरीबों को सम्मान देने का काम किया है। लेकिन कांग्रेस उस दलित, गरीब निषाद का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस दलितों को भरमाने का प्रयास कर रही है। लेकिन हमें सजग होकर उसके मंसूबों को पूरा नहीं होने देना है। मीडिया, सोशल मीडिया और डोर टू डोर संपर्क कर कांग्रेस के भ्रम जाल को विफल करना है।

 

कानून के विरोध से कांग्रेस का दोहरा चरित्र उजागर हुआ : लोकेन्द्र पाराशर

 

                प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री लोकेन्द्र पाराशर ने कहा कि कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश के अल्पसंख्यकों को भटकाया, भरमाया और उन्हें भयभीत करने का काम किया। अल्पसंख्यकों को अपना वोट बैंक मानने वाली कांग्रेस का बसपा और सपा के कारण जनाधार कम हुआ और वोट के चक्कर में इस वर्ग को बरगलाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम नागरिकता देने का कानून है, नागरिकता लेने का नहीं। जबकि कांग्रेस इस बात को गलत तरीके से पेश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिर्फ विरोध के लिए विरोध प्रकट करती है, जबकि सीएए को लेकर उसके नेताओं के बयान उसके दोहरे चरित्र को उजागर करते है। श्री पाराशर ने कहा कि मोदी सरकार ने केवल वही काम किया है, जिसका आदेश महात्मा गांधी ने 26 सिंतबर 1947 को दिया था। गांधीजी की इच्छा को कानूनी जामा पहनाने का काम भारतीय जनता पार्टी कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कमलनाथ एक संवैधानिक पद पर है, उन्हें समझने की आवश्यकता है कि नागरिकता देने का काम केन्द्र सरकार का है न कि राज्य सरकार का। इस कानून का विरोध कर वे महात्मा गांधी के विचारों का अपमान कर रहे हैं।

 

पीड़ितों को न्याय देने का कानून है सीएए : विजयवर्गीय

 

                मुख्य प्रदेश प्रवक्ता डॉ. दीपक विजयवर्गीय ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम अफगानिस्तान, बांग्लादेश और पाकिस्तान से धार्मिक प्रताड़ना झेल रहे पीड़ितों को न्याय देने का काम करेगा। उन्होंने कहा कि भारत की संसद में जो कानून बनाया है, उस कानून का विरोध कांग्रेस कर रही है। जो कि पूरी तरह असंवैधानिक है। नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर कांग्रेस जनता को भ्रमित कर रही है। यह नागरिकता देने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस सीएए संविधान के अनुरूप प्रावधान है, लेकिन कांग्रेस उनका प्रस्तुतीकरण अलग तरीके से कर रही है। इस अधिनियम का अध्ययन कर सटीकता के साथ विरोधियों को जवाब देने का काम हमें करना है।

 

कमलनाथ जी के नेतृत्व में होने वाले मार्च पर जवाब दे कांग्रेस : रजनीश अग्रवाल

 

                कार्यशाला में सत्र के दौरान नेताओं ने सीएए को लेकर प्रश्नों के जवाब दिए। एक प्रश्न के उत्तर में प्रदेश प्रवक्ता श्री रजनीश अग्रवाल ने कहा कि सीएए को लेकर कांग्रेस को जवाब देने की जरूरत है। जवाब तो कमलनाथ जी के नेतृत्व में होने वाले मार्च पर कांग्रेस को देना है। प्रियंका गांधी, राहुल गांधी को जवाब देना है कि क्या पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में जो अल्पसंख्यक वर्ग प्रताड़ित रहे, जिनकी बहु बेटियों के साथ अत्याचार और बलात्कार होते रहे हैं, क्या कांग्रेस सरकार उनको मध्यप्रदेश में नागरिकता देने के खिलाफ है ? क्या कांग्रेस उन पर हुए अत्याचार के समर्थन में है ? क्या मध्यप्रदेश में जिन पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के अल्पसंख्यकों को नागरिकता मिल रही है उन्हें नागरिकता देने से इंकार कर रहे है ? कार्यशाला में तीन देशों में धार्मिक आधार पर प्रताडित हो रहे पीड़ितों पर केन्द्रित डॉक्यूमेंट्री दिखाए गए। आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश संयोजक श्री शिवराज सिंह डाबी ने 1 जनवरी से होने शुरू होने वाले अभियान को लेकर सोशल मीडिया वॉलिंटियर के करणीय कार्यो के बारे में जानकारी दी।

 

                इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता श्री आलोक संजर, श्री चिंतामणि मालवीय, श्री राहुल कोठारी, सह मीडिया प्रभारी श्री सर्वेश तिवारी मंचासीन थे। कार्यशाला का संचालन युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री अंशुल तिवारी एवं आभार युवा मोर्चा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी श्री शिशिर बडकुल ने माना।

 

               

Share:


Related Articles


Leave a Comment