कमलनाथ बताएं, केंद्र से मिले एक हजार करोड़ में से कितने रुपए किसानों को बांटेः राकेश सिंह

 

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा- अपनी गलतियों को केंद्र पर थोपकर झूठ की राजनीति कर रही कांग्रेस

  खबर नेशन / Khabar Nation

                भोपाल। कांग्रेस ढकोसलेबाजी कर रही है, झूठ की राजनीति कर रही है। वह अपनी गलतियों को केंद्र पर थोपने की कोशिश कर रही है। चुनाव से पहले कांग्रेस ने कहा था कि कर्जा माफ करेंगे,  आज तक माफ नहीं किया। भारी वर्षा से जो फसलें खराब हुईं उनका मुआवजा देना तो दूर सर्वे तक नहीं करवाया। केंद्र सरकार ने अपनी तरफ से दो बार दल भेजा। इसके पश्चात् केंद्र सरकार ने 1 हजार करोड़ रू. मध्यप्रदेश सरकार को भेजे। मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनकी सरकार किसानों को अभी तक 100 करोड़ रू. भी नहीं बांट पाई। यह पैसा प्रशासनिक खर्च चलाने के लिए नहीं, किसानों को देने के लिए दिया गया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री राकेश सिंह ने शनिवार को मीडिया से बातचीत के दौरान कही।
 अच्छा किया, कांग्रेस ने रास्ता बता दिया                

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस ने यह तय किया है कि भाजपा के सांसदों के घरों का घेराव करेंगे। हमें इस बात से प्रसन्नता है। मैं  कांग्रेस के नेताओं और मुख्यमंत्री कमलनाथ से कहना चाहता हॅू कि आपने यह बहुत अच्छा किया कि रास्ता खोल दिया। अभी तक हम ऐसा मानते थे कि घरों पर जाकर राजनीति नहीं होना चाहिए। लेकिन अब कांग्रेस ने इसकी शुरूआत कर दी है, जिससे हमारे लिए भी रास्ता खुल गया है।

किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही प्रदेश सरकार

                श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार लगातार किसानों के साथ नाइंसाफी कर रही है, ज्यादती कर रही है। उन्होंने कहा कि पहले किसान यूरिया के लिए लाठियां खाया करता था, लाइनें लगा करती थीं। लेकिन केंद्र में नरेंद्र मोदी जी की सरकार बनने के बाद से यूरिया का संकट समाप्त हो गया है। मध्यप्रदेश में भी भाजपा की सरकार के समय कभी कोई कठिनाई नहीं हुई। अब कांग्रेस की कमलनाथ सरकार सोती रहती है। जब यूरिया की व्यवस्था करना चाहिए, तब आप टेंडर, तबादले, रेत, शराब के कार्यों में लगे होते हो। जब समय आता है और किसान परेशान होता है, तब ये अपना ठीकरा केंद्र पर थोपने लगते हैं।

जनता सब कुछ समझ रही है

                प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मध्यप्रदेश की जनता सारी बातों को समझ रही है, देख रही है और समय आने पर इन सारी बातों का जवाब देगी। उन्होंने कहा कि हमारा इतना ही कहना है कि कांग्रेस मध्यप्रदेश में झूठ की राजनीति बंद करे। जनता के हितों की चिंता करे, कानून व्यवस्था ठीक करे, किसानों को यूरिया समय पर मिले, इस बात की चिंता करे और फसलें चौपट होने से किसानों को जो नुकसान हुआ है उसका मुआवजा तत्काल किसानों तक पहुंचाए। श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस लगातार नकल करने की कोशिश कर रही है, लेकिन बुजुर्गों ने कहा है कि नकल के लिए भी अक्ल की जरूरत होती है। यदि वास्तव में कांग्रेस अक्ल का प्रयोग करे, तो समस्याएं हल हो जाएं।

एक महिला के लिए घटिया शब्द प्रयोग न करें कांग्रेसी

                श्री सिंह ने कहा कि कांग्रेस के विधायकों को इतनी मर्यादा का ध्यान रखना चाहिए एक महिला जो साध्वी है, उसके लिए इतने घटिया शब्दों का इस्तेमाल न करें। अगर वो ऐसा करते हैं, तो प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि सदन में जो हुआ था, उसका उत्तर भी साध्वी जी ने सदन में दे दिया है। इसके बावजूद कांग्रेस विधायक खुलेआम इस प्रकार की टिप्पणी कर रहे हैं और प्रदेश की कांग्रेस सरकार के मुखिया चुप्पी साधे हैं, इससे साबित होता है कि कांग्रेस किस दिशा में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ऐसी बातों को नजरअंदाज नहीं करेगी। 

Share:


Related Articles


Leave a Comment