शिवरात्रि पर 44 घंटे खुले रहेंगे महाकाल मंदिर के पट

खबरनेशन।
मध्यप्रदेश के उज्जैन स्थित ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में महाशिवरात्रि की तैयारियां अंतिम दौर में हैं। इस दौरान मंदिर के पट 44 घंटे खुले रहेंगे। मंदिर प्रशासन भक्तों को सुगम दर्शन कराने के लिए प्लान तैयार कर रहा है। दर्शनार्थियों को 45 मिनट में भगवान महाकाल के दर्शन कराने का लक्ष्य रखा गया है। प्रशासन को महापर्व पर करीब दो लाख भक्तों के आने का अनुमान है।

हरसिद्धि मंदिर चौराहा से दर्शनार्थियों की तीन कतार रहेगी। एक कतार सामान्य दर्शनार्थियों की तथा दूसरी कतार सशुल्क दर्शनार्थियों की होगी। तीसरी कतार से निर्गम की व्यवस्था रहेगी। महाकाल दर्शन करने के बाद श्रद्धालुओं को चार धाम मंदिर की ओर निकाला जाएगा।

सामान्य दर्शनार्थियों का प्रवेश शंख द्वार से रहेगा। पुजारी, पुरोहित व उनके परिजनों को बड़े गणेश मंदिर पास वाली गली से गेट नंबर चार की ओर प्रवेश दिया जाएगा। सशुल्क दर्शनार्थियों को गेट नं. पांच से प्रवेश मिलेगा। वीवीआईपी भक्तों के प्रवेश की व्यवस्था प्रवचन हाल स्थित गेट नं.13 से रहेगी।

महाशिवरात्रि पर महाकाल मंदिर के पट लगातार 44 घंटे खुले रहेंगे। 28 फरवरी की रात तीन बजे मंदिर के पट खुलने के बाद भस्मारती होगी। इसके बाद सतत पूजा-अर्चना का दौर चलेगा। एक मार्च को महानिशाकाल में भगवान महाकाल की महापूजा होगी। दो मार्च को तड़के चार बजे भगवान महाकाल के शीश सवामन फूल व फलों से बना मुकुट सजाया जाएगा।

सुबह छह बजे आरती के बाद सुबह 10 बजे तक सेहरा दर्शन होंगे। दोपहर 12 बजे साल में एक बार दिन में होने वाली भस्मारती होगी। दोपहर दो बजे भोग आरती होगी। रात को 11 बजे 44 घंटे बाद मंदिर के पट बंद होंगे। उधर, मध्य प्रदेश में नाइट कर्फ्यू के चलते रात्रि में दर्शन होंगे या नहीं, इस पर प्रशासन अभी निर्णय करेगा। एक मार्च को भी भक्तों को सुबह कितनी बजे मंदिर में प्रवेश दिया जाएगा, इस पर भी प्रशासन को स्थिति साफ करना है।

महाकाल घाटी, हरसिद्धि की पाल तथा त्रिवेणी संग्रहालय से हरसिद्धि चौराहा तक ड्यूटी पास वाले वाहनों को छोड़कर शेष समस्त प्रकार के वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यह क्षेत्र केवल पैदल यात्रियों के लिए आरक्षित किया गया है।

महाशिवरात्रि पर प्रवेश की व्यवस्था लगभग तय हो गई है। भक्तों को कम समय में सुविधा से दर्शन कराने का लक्ष्य तय किया गया है। दर्शन के समय का निर्णय एक दो दिन में तय कर लिया जाएगा।

 

Share:


Related Articles


Leave a Comment